Train Delay Due to Fog: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। प्रदेश के साथ ही जिले में पिछले 3 दिनों से घना कोहरा छाने से ट्रेनों की रफ्तार कम हो गई है। उत्तर भारत में कोहरा होने से आए दिन दिल्ली की ओर से आने वाली ट्रेन लेट रहती थी, लेकिन पिछले 3 दिनों से मध्यप्रदेश के अधिकतर स्थानों पर कोहरा छाने से इंदौर-जबलपुर से आने वाली ट्रेन भी लेट चलने लगी है। 

सोमवार को डाउन ट्रैक पर इटारसी की ओर से आने वाली अधिकांश ट्रेनें एक से 6 घंटा तक देरी से बैतूल पहुंची। इसमें दिल्ली की ओर से आने वाली अधिकतर ट्रेनों के साथ ही जबलपुर से आने वाली जबलपुर-अमरावती एक्सप्रेस भी 3 घंटा 20 मिनट और इंदौर से आने वाली त्रिशताब्दी एक्सप्रेस भी लगभग 50 मिनट देरी से बैतूल पहुंची। ट्रेनों के लेट चलने से कड़ाके की ठंड में यात्रियों को इंतजार करना पड़ा। जिले में पिछले 3 दिनों से रात्रि 11 बजे के बाद से कोहरा छाने लगता है जो सुबह लगभग 9-10 बजे तक रहता है। कोहरे के चलते ट्रेनों की रफ्तार भी कम हो गई है। 

सोमवार को डाउन ट्रैक पर इटारसी की ओर से आने वाली लगभग सभी ट्रेन घंटों देरी से बैतूल पहुंची। रात्रि में साढ़े 12 बजे 
बैतूल पहुंचने वाली राप्ती सागर एक्सप्रेस क्रमांक 12511 निर्धारित समय से 6 घंटा 40 मिनट देरी से सुबह 6.41 बजे बैतूल पहुंची। इसी प्रकार सुबह 5.40 बजे बैतूल पहुंचने वाली अंधमान एक्सप्रेस क्रमांक 16032 भी लगभग 6 घंटा देरी से 11.38 बजे बैतूल पहुंची। दिल्ली की ओर से आने वाली अन्य ट्रेनों में पातालकोट एक्सप्रेस क्रमांक 20424 तीन घंटे, गोंडवाना एक्सप्रेस क्रमांक 12406 तीन घंटे, जीटी एक्सप्रेस क्रमांक 12616 दो घंटे, दक्षिण एक्सप्रेस क्रमांक 12722 ढाई घंटे और सिकंदराबाद एक्सप्रेस क्रमांक 12792 अपनी निर्धारित समय से लगभग 50 मिनट देरी से बैतूल पहुंची। 

दिल्ली की ओर से आने वाली ट्रेनों के साथ ही प्रदेश में घना कोहरा छाने से जबलपुर से आने वाली जबलपुर-अमरावती एक्सप्रेस क्रमांक 12160 भी अपने निर्धारित समय रात्रि 2.54 बजे से लगभग 3 घंटा 20 मिनट और इंदौर से आने वाली त्रिशताब्दी एक्सप्रेस क्रमांक 12913 भी 50 मिनट देरी से बैतूल पहुंची। ट्रेनों के लेट होने से यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। कई यात्रियों ने मजबूरी में सड़क मार्ग से सफर किया। प्रतिदिन घना कोहरे छाने से आने वाले दिनों में भी ट्रेनें लेट होने की संभावना है।