Betul road repair project: जिले की 14 सड़कों का होगा कायाकल्प, पौने 6 करोड़ से बदलेगी तस्वीर, सफर होगा आसान
Betul road repair project: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। खस्ताहाल सड़कों पर सफर करने में आ रही दिक्कतों से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिलने वाली है। लोक निर्माण विभाग द्वारा जर्जर और बदहाल हो चुकी सड़कों का कायाकल्प करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जल्द ही जिले की 14 सड़कों की मरम्मत की जाएगी, जिस पर 5 करोड़ 74 लाख 59 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इनमें एक सड़क जिला मुख्यालय की भी है।
जिले की कई सड़कें सालों पहले बनी थी जो कि अब पूरी तरह से खस्ताहाल हो चुकी है। इसके कुछ सड़कें तो ऐसी भी हैं जो कि कुछ समय पहले ही बनी है, लेकिन इसके बावजूद गुणवत्ता ठीक नहीं होने से अब बदहाल हो चुकी है। इन सड़कों से गुजरने में वाहन चालकों को पसीने छूट जाते हैं वहीं वाहन में सवार अन्य लोगों की भी हालत खराब हो जाती है। खराब सड़कों से दूरी तय करने में भी खासा समय लगता है। यही कारण है कि लोग लंबे समय से इन सड़कों की मरम्मत की मांग कर रहे थे। यही वजह है कि लोक निर्माण विभाग ने इन सड़कों की मरम्मत का प्रस्ताव शासन को भिजवाया था। इस प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है।
मरम्मत पर इतनी राशि होगी खर्च
इन 14 सड़कों की मरम्मत और पेचवर्क पर विभाग द्वारा कुल 5 करोड़, 74 लाख, 59 हजार रुपये की राशि खर्च की जाएगी। प्रस्ताव को मंजूरी मिलते ही विभाग ने आगे की कार्यवाही भी शुरू कर दी है। विभाग द्वारा इच्छुक ठेकेदारों से टेंडर आमंत्रित किए गए हैं। टेंडर की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद मरम्मत का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
बैतूल शहरवासियों को मिलेगी राहत
विभाग द्वारा कराए जा रहे इस कार्य से बैतूल शहर के लोगों को भी राहत मिलेगी। शहर के बीच से गुजरने वाले पुराने हाईवे (जिसे अब सोनाघाटी से मिलानपुर मार्ग कहा जाता है) के खस्ताहाल हो चुके 1.30 किलोमीटर हिस्से की भी इसमें मरम्मत की जाएगी। इससे यह पूरी सड़क भी बढ़िया हो जाएगी और सफर करने में आसानी होगी। यह कार्य पीबीएमसी योजना के तहत कराया जाएगा।
इन 11 सड़कों की भी सुधरेगी हालत
इसके अलावा जिले की अन्य 11 सड़कों की हालत भी सुधारी जाएगी। इनमें काजली से कुंड बकाजन मार्ग 1 किलोमीटर, भीमपुर-खामापुर-गुरवा मार्ग 2 किलोमीटर, कोंढर से एनएच-59-ए मार्ग 1.94 किलोमीटर, चिचोली रेस्ट हाउस पहुंच मार्ग 0.13 किलोमीटर, चिचोली से मलाजपुर-फोंगरिया-आवरिया मार्ग 2.51 किलोमीटर, हिवरखेड़ पहुंच मार्ग, अर्जुनवाड़ी से खारपड़ा मार्ग 2 किलोमीटर, हथनोरा-परसोड़ी मार्ग 6.40 किलोमीटर, भयावाड़ी पहुंच मार्ग 1.80 किलोमीटर, सोहागपुर से जैतापुर मार्ग 2.81 किलोमीटर और जुआड़ी से भोपाली मार्ग 3.18 किलोमीटर शामिल हैं। यह सभी कार्य 4 करोड़, 63 लाख, 16 हजार रुपये की राशि से कराए जाएंगे।
इन 3 मार्गों पर 1.11 करोड़ होंगे खर्च
इसके अलावा एसटीएमसी योजना से 3 मार्गों पर कार्य कराया जाएगा। इन 3 मार्गों पर 1 करोड़ 11 लाख 43 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। इनमें झल्लार-आमला-बरहापुर-भैंसदेही मार्ग 16.40 किलोमीटर, शांतिपुर से बांसपुर मार्ग 5.50 किलोमीटर और भांडवा से गोहोटी मार्ग 2.21 किलोमीटर शामिल हैं।
लोगों का आसान हो सकेगा सफर
इन सड़कों की मरम्मत कराए जाने से इन सड़कों से आवाजाही करने वाले लोगों को सफर करने में आसानी होगी। इसी तरह वाहनों में टूट-फूट जैसी समस्या से भी उन्हें निजात मिल सकेगी। अब लोगों को इन सड़कों पर जल्द कार्य शुरू होने का इंतजार है।

भोपाल में शराब दुकानों की शिफ्टिंग पर बवाल, लोगों ने जताया विरोध
राघव चड्ढा हटे राज्यसभा डिप्टी लीडर पद से, अशोक मित्तल होंगे नए डिप्टी लीडर
CM मोहन यादव का किसानों के लिए बड़ा ऐलान: कंबाइन हार्वेस्टर हुआ टोल फ्री
IPL 2026: Sameer Rizvi की रूमर्ड गर्लफ्रेंड कौन? तस्वीरों ने मचाया बवाल
मार्च में मैन्युफैक्चरिंग ग्रोथ चार साल के निचले स्तर पर, फिर भी रोजगार में बढ़त