Electricity Bill Recovery Betul: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। उपभोक्ताओं पर बकाया बिजली बिल की राशि वसूल करने चलाई जा रही समाधान योजना भी लोगों को प्रोत्साहित नहीं कर पा रही है। यही वजह है कि जिले में 76 करोड़ रुपये की राशि बिजली कंपनी को वसूल करना है, लेकिन 31 दिसंबर तक महज 8 करोड़ रुपये की राशि ही वसूल हो सकी है। पहले 31 दिसंबर तक ही योजना का प्रथम चरण था, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 31 जनवरी तक कर दिया गया है।  

गौरतलब है कि प्रदेश शासन द्वारा बिजली बिल की बकाया राशि अधिक से अधिक से जमा करवाने के लिए समाधान योजना शुरू की गई है। प्रथम चरण की शुरुआत 3 नवंबर 2025 से हुई थी। योजना में तीन माह से अधिक के बकायादार उपभोक्ता योजना प्रथम चरण में शामिल होकर अपना बकाया बिल एकमुश्त जमा करके 100 फीसदी तक सरचार्ज माफी का लाभ उठा सकते हैं। उम्मीद जताई जा रही थी कि इस योजना को लेकर लोग खासा उत्साह दिखाएंगे और बड़ी राशि जमा हो जाएगी, लेकिन ऐसा होता नजर नहीं आ रहा है। 

जिले में वसूल करना है इतनी राशि 

जिले में 2 लाख 28 हजार लोगों से 76 करोड़ रुपये की राशि बिजली कंपनी को लेना है। योजना के प्रथम चरण में एकमुश्त राशि जमा करने पर सरचार्ज 100 प्रतिशत तक माफ किया जा रहा है। यही कारण है कि ऐसा लग रहा था कि प्रथम चरण में बड़ी संख्या में लोग सामने आएंगे और राशि जमा करेंगे, लेकिन ऐसा होता नजर नहीं आ रहा है। 

अभी तक जमा हुई इतनी राशि 

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के महाप्रबंधक बीएस बघेल बताते हैं कि समाधान योजना का लाभ 31 दिसंबर तक 29602 उपभोक्ताओं ने उठाया है। इन उपभोक्ताओं द्वारा 8 करोड़ 3 लाख रुपये की राशि जमा की गई है। इससे इन उपभोक्ताओं का 1 करोड़ 92 लाख रुपये का सरचार्ज माफ हुआ है। उन्होंने बताया कि अधिक से अधिक उपभोक्ता योजना का लाभ ले सकें, इसके लिए पर्याप्त प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है। 

पंप कनेक्शन की 6 माह की डिमांड 

इसके अलावा पंप कनेक्शनों की 6 माह की डिमांड भी आ गई है। किसानों से यह वसूली भी बिजली कंपनी द्वारा शुरू की जाएगी। जिले में 72269 स्थाई पंप कनेक्शन है। इनके लिए 6 माह की 14 करोड़, 57 लाख रुपये की डिमांड आई है।

प्रथम चरण की अवधि एक माह बढ़ी

इधर प्रदेश सरकार ने समाधान योजना 2025-26 के प्रथम चरण की अवधि एक माह और बढ़ा दी है। प्रथम चरण की अवधि अब 31 जनवरी 2026 कर दी गई है। यह योजना उन बकायादार उपभोक्ताओं के लिए वरदान बनी है जो सरचार्ज के कारण मूलधन राशि जमा नहीं कर पा रहे थे। अब उन्हें समाधान योजना के प्रथम चरण में सरचार्ज में 60 से लेकर 100 प्रतिशत तक छूट के साथ एकमुश्त अथवा किस्तों में भुगतान करने का विकल्प मिल रहा है।

दूसरे चरण में कम हो जाएगी छूट 

द्वितीय चरण के दौरान छूट का प्रतिशत क्रमश: कम हो जाएगा। द्वितीय और अंतिम चरण 1 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक चलेगा। दूसरे चरण में 50 से 90 फीसदी तक सरचार्ज माफ किया जाएगा। समाधान योजना 2025-26 का लाभ उठाने के लिए उपभोक्ताओं को मप्र मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी भोपाल के पोर्टल पर पंजीयन कराना होगा। कंपनी के उपाय एप एवं कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) तथा एमपी ऑनलाइन पर भी पंजीयन की सुविधा उपलब्ध है। 

पंजीयन के लिए इतनी राशि अनिवार्य 

पंजीयन के दौरान अलग-अलग उपभोक्ता श्रेणी के लिए पंजीयन राशि निर्धारित की गई है। घरेलू एवं कृषि उपभोक्ता कुल बकाया राशि का 10 प्रतिशत तथा गैर घरेलू और औद्योगिक उपभोक्ता कुल बकाया राशि का 25 प्रतिशत भुगतान कर पंजीयन कराकर योजना में शामिल होकर लाभ उठा सकते हैं। विस्तृत विवरण तीनों कंपनियों की वेबसाइटों पर भी देखा जा सकता है। विद्युत वितरण केंद्र में पहुंचकर भी योजना के संबंध में जानकारी ले सकते हैं।