Mohan Bhagwat Social Harmony Meeting: बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के शताब्दी वर्ष अंतर्गत मध्य भारत प्रांत के तत्वावधान में आयोजित सामाजिक सद्भाव बैठक में आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत प्रदेश के विभिन्न समाजों के राष्ट्रीय पदाधिकारियों से विचार विमर्श करेंगे। इस महत्वपूर्ण बैठक में बैतूल से भार्गव समाज के अखिल भारतीय प्रतिनिधि डॉ. मयंक भार्गव भी शामिल होंगे। आगामी 3 जनवरी को भोपाल के कुशाभाऊ ठाकरे अंतर्राष्ट्रीय कन्वेंशन सेंटर में सामाजिक सद्भाव बैठक का आयोजन किया गया है। डॉ. मयंक भार्गव ने बताया कि सदियों तक चले आक्रमणों और संघर्षों के बाद भी अपना हिंदू समाज मजबूती से खड़ा व पुन: शक्ति संपन्न व सामर्थवान हो रहा है। सामाजिक व्यवस्थाओं ने ही अपनी परंपरा एवं संस्कृति को सहेजकर रखा व जन सामान्य को संबंल दिया है। 

डॉ. भार्गव ने बताया कि आज भी विविध सामाजिक संगठन जन कल्याण व उत्थान के अनेक रचनात्मक कार्य कर रहे हैं। देश व हिंदू समाज पर आई चुनौतियों तथा आपदा के समय भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मध्य भारत का प्रदेश स्तरीय सामाजिक नेतृत्व मिलकर भारत को जग सिरमौर बनाने में क्या भूमिका निभा सकते हैं? यह विचार करने के उद्देश्य से यह सामाजिक सद्भाव बैठक आयोजित की गई है। बैठक को बतौर मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सर संघ चालक डॉ. मोहन भागवत संबोधित करेंगे। कार्यक्रम सुबह 8:30 बजे से होगा। बैठक शामिल होने वाले विभिन्न समाजों के राष्ट्रीय पदाधिकारियों से श्री भागवत विचार विमर्श भी करेंगे। बैठक में बैतूल जिले से डॉ. मयंक भार्गव के साथ दीपक पाल, राघव जी, अलकेश राठौर (चिचोली), उपाध्यक्ष अखिल भारतीय राठौर महासभा और अनिल पंवार भी शामिल होंगे।