Khatu Shyam Mandir Sonoli : एमपी के इस मंदिर में नारियल बांधने पर नि:संतान दंपतियों के आंगन में गूंज जाती है किलकारी
Khatu Shyam Mandir Sonoli : बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश)। देश भर में स्थित विभिन्न धार्मिक स्थलों और मंदिरों में अलग-अलग कारणों से श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी है। कई मंदिर अपने चमत्कारों को लेकर भी प्रसिद्ध हैं। जिले के मुलताई नगर से करीब 4 किलोमीटर दूर ग्राम सोनोली में भी ऐसा ही धार्मिक स्थल है जो कि कुछ सालों में ही श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र बन गया है। यह धार्मिक स्थल है श्री छोटा खाटू श्याम मंदिर जिसे कि सोनोली धाम भी कहा जाता है। श्रद्धालुओं की मान्यता है कि इस मंदिर में नारियल बांधने से अर्जियां पूरी होती है।
श्री छोटा खाटू श्याम मंदिर सोनोली का निर्माण करीब 9 साल पहले निर्माण हुआ था। इसके पश्चात विधि विधान के साथ प्राण प्रतिष्ठा की गई। शुरूआत में आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालु यहां आते थे और फिर दूर-दूर तक सोनोली धाम की ख्याति पहुंची और अब यहां मध्यप्रदेश के कोने-कोने से तो श्रद्धालु आते ही हैं, महाराष्ट्र सहित अन्य राज्यों से भी बड़ी तादाद में श्रद्धालु पहुंचते हैं। खासतौर पर हर महीने की ग्यारस पर तो यहां जैसे श्रद्धालुओं का हुजूम ही उमड़ पड़ता है। मंदिर प्रबंधन के अनुसार ग्यारस पर एक ही दिन में यहां 30 से 40 हजार श्रद्धालु पहुंचते हैं। वर्तमान में मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नवीन ओंकार और कोषाध्यक्ष आनंद अग्रवाल (मित्तल) हैं।
सैकड़ों की संख्या में बंधे हैं नारियल
मंदिर के पुजारी पंडित तेजभान तिवारी बताते हैं कि श्री छोटा खाटू श्याम बाबा चमत्कारी हैं। इस धाम की विशेषता है कि यहां नारियल बांधने से हर तरह की मन्नत पूरी होती है। खासतौर से उन दंपतियों को संतान सुख प्राप्त होता है जिनकी संतान नहीं हो पा रही है। मंदिर में सैकड़ों की संख्या में बंधे नारियल इस बात के प्रमाण हैं कि कितने लोगों की यहां मन्नत पूरी होती है और उनकी बाबा के प्रति कितनी आस्था है।

कैसे हुई सोनोली में मंदिर की स्थापना
मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नवीन ओंकार बताते हैं कि कुछ साल पहले ओडिसा से गुरूजी घनश्याम शर्मा आए थे। उन्होंने अग्रवाल (मित्तल) परिवार के समक्ष मंदिर निर्माण का प्रस्ताव रखा। इस पर श्री अग्रवाल (मित्तल) ने मंदिर के लिए एक एकड़ जमीन दान दे दी। इसके बाद मेरे (नवीन ओंकार) पास वे ड्राइंग-डिजाइन के लिए आए। इसके बाद हमने इस दिशा में कार्य शुरू किया। हालांकि इस दौरान कई चमत्कारिक घटनाएं भी हुईं।
पास में थे मात्र 51 हजार रुपये
श्री ओंकार बताते हैं कि मैंने जब बजट पूछा तो उन्होंने बताया कि फिलहाल मात्र 51 हजार रुपये हैं। मुझे आश्चर्य हुआ कि इतनी राशि में इतना बड़ा मंदिर कैसे बनेगा। इसलिए भूमिपूजन के पहले यह तय किया कि प्रत्येक से 1 लाख, 21 हजार रुपये का दान लेकर ट्रस्टी सदस्य बनाए जाएं। धीरे-धीरे करके बड़ी संख्या में श्रद्धालु ट्रस्टी सदस्य के रूप में जुड़ गए। मित्तल परिवार से 8 सदस्य इस शुभ कार्य में हाथ बंटाने ट्रस्टी सदस्य के रूप में जुड़ गए। वर्तमान में ट्रस्ट में 83 ट्रस्टी सदस्य हैं। गौरतलब है कि खाटू श्याम बाबा मित्तल परिवार के कुल देवता भी हैं। श्री ओंकार बताते हैं कि बाबा की ऐसी कुछ कृपा रही कि मंदिर निर्माण से लेकर प्राण प्रतिष्ठा तक 3 से 4 करोड़ के काम हो गए और पैसों की कभी किल्लत नहीं आई।
रोड नहीं था, तब भी आते रहे श्रद्धालु
मंदिर का निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा होते तक गुरूजी घनश्याम शर्मा भी यहीं रहे और ज्यादा से ज्यादा लोगों को इस शुभ कार्य से जोड़ते रहे। मंदिर निर्माण जिस समय हुआ था, उस समय मंदिर तक पहुंचने के लिए पक्की सड़क भी नहीं थी। इसके बावजूद यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु कई परेशानियां उठाकर भी आते रहे। अब तो खैर यहां तक पक्की सड़क भी बन गई हैं और अन्य जरुरी सुविधाएं भी मुहैया करा दी गई है।
बाबा की कृपा से बना मंदिर: नवीन ओंकार

मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष नवीन ओंकार कहते हैं कि मेरा सौभाग्य है कि शुरूआत से ही जुड़ने और निर्माण में योगदान देने का पुण्य अवसर मुझे प्राप्त हुआ। बाबा ने निर्माण में न कभी धन की कमी आने दी और न ही कोई अन्य बाधा आने दी। अब तो दूर-दूर से श्रद्धालु अपनी मन्नत लेकर बाबा के दरबार में पहुंचते हैं।
नारियल बांधने से पूरी होती अर्जियां: पं. तेजभान तिवारी

श्री छोटा खाटू श्याम मंदिर सोनोली धाम के पुजारी पं. तेजभान तिवारी कहते हैं कि खाटू श्याम बाबा वास्तव में चमत्कारी हैं। यहां नारियल बांधने पर नि:संतान दंपतियों को भी संतान सुख प्राप्त होता है। उनके प्रति विश्वास और आस्था लेकर दूर-दूर से श्रद्धालु यहां आते हैं। हर ग्यारस पर 30 से 40 हजार श्रद्धालु आते हैं।

एनडीए सरकार बनते ही सोना तस्करी आरोपियों पर सख्ती, दो महीने में जेल: अमित शाह
बंगाल चुनाव से पहले BJP और TMC में टकराव, हेट स्पीच को लेकर दोनों पार्टियां चुनाव आयोग पहुंचीं
राज्यसभा में 19 नए सदस्यों ने ली शपथ, व्हीलचेयर पर पहुंचे शरद पवार
दिल्ली विधानसभा में घुसे उपद्रवी, स्पीकर की कार पर स्याही फेंककर फरार
सोना-चांदी को नहीं छुआ, घर से गायब हुआ ये कीमती सामान; पुलिस भी हैरान
वंदना कॉन्वेंट स्कूल में मधुमक्खियों का हमला, 30 से ज्यादा बच्चे और शिक्षक घायल