बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश) (BJP News Today)। बूथ स्थल पर पार्टी को मजबूत करने, संगठन की रीति नीतियों को आम जन तक पहुंचाने, पार्टी के कार्यक्रमों को जमीनी स्तर पर अमलीजामा पहनाने और चुनाव के समय गांव में ही विरोधियों का डटकर सामना कर मुस्तैदी से मतदान केंद्र पर डटे रहने वाले कार्यकर्ताओं की चिंता करते हुए नर्मदापुरम भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती प्रीति शुक्ला ने अनूठी पहल की है। 

श्रीमती शुक्ला ने जिले भर के कार्यकर्ताओं और आम जन की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए भाजपा जिला पदाधिकारियों की जिला भाजपा कार्यालय में ड्यूटी लगाई है। सोमवार से शनिवार तक जिला कार्यालय में 3 या 4 जिला पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे जो कि जिले भर से आने वाले कार्यकर्ताओं के साथ ही आमजन की समस्याओं का समयबद्ध रूप से निराकरण करेंगे। जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं को भी जिला भाजपा अध्यक्ष सुधाकर पंवार से ऐसी ही पहल शुरू करने की उम्मीद है ताकि दूरदराज से आने वाले भाजपा कार्यकर्ताओं एवं आमजन की समस्याओं का निराकरण हो सके। 

जमीनी स्तर पर दिन-रात कड़ी मेहनत करने और पार्टी का झंडा उठाने वाले कार्यकर्ताओं को चुनाव के बाद जनप्रतिनिधियों और संगठन के वरिष्ठ नेताओं से मिलना मुश्किल हो जाता है। कार्यकर्ता अपने स्वयं के या आम जन के जनहितैषी कार्यों के लिए भटकते रहते हैं। जिला मुख्यालय आने पर भी उनकी सुनवाई करने वाला कोई नहीं रहता है जिससे कार्यकर्ता दफ्तरों के चक्कर काटते रहते हैं। अधिकतर जनप्रतिनिधि चुनाव जीतने के बाद व्यस्त हो जाते हैं। संगठन के बड़े नेता भी अपने काम में लग जाते हैं। 

ऐसे कार्यकर्ताओं की सुध लेने नर्मदापुरम भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती प्रीति शुक्ला ने भाजपा जिला पदाधिकारियों को जिम्मेदारी दी है। श्रीमती शुक्ला ने भाजपा के जिला महामंत्री, उपाध्यक्ष, मंत्री, कोषाध्यक्ष एवं सह कोषाध्यक्ष को नर्मदापुरम जिला भाजपा कार्यालय में जिले भर से आने वाले कार्यकर्ताओं से भेंट एवं जन समस्याओं के निराकरण हेतु सभी पदाधिकारियों को अलग-अलग दिन नियुक्त है। रविवार छोड़कर सप्ताह के 6 दिन जिला कार्यालय में 3 या 4 पदाधिकारी सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहेंगे। इस व्यवस्था से संगठनात्मक कार्यों को सुव्यवस्थित करने के साथ ही प्रत्येक कार्यकर्ता की समस्याओं का समयबद्ध रूप से समाधान करेंगे। 

जिले में भी लागू करेंगे व्यवस्था: सुधाकर पंवार

भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पंवार को जब नर्मदापुरम भाजपा जिला अध्यक्ष की पहल से अवगत कराया तो श्री पंवार ने कहा कि भाजपा जिला कार्यालय बैतूल विजय भवन में मैं स्वयं प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से 5 बजे तक उपलब्ध रहता हूं। जिस दिन बाहर रहता हूं या कोई कार्यक्रम रहता है तो जिला महामंत्री या कार्यालय मंत्री कार्यालय में मौजूद रहते हैं। जिले में अभी इस प्रकार का रोस्टर नहीं बनाया है। नर्मदापुरम भाजपा जिला अध्यक्ष की यह अच्छी पहल है। जिले में भी प्रतिदिन अलग-अलग जिला पदाधिकारियों के साथ विधायकों और अन्य जनप्रतिनिधियों के जिला भाजपा कार्यालय में मिलने के दिन तय किए जाएंगे ताकि जिले भर से आने वाले कार्यकर्ताओं को आसानी हो। 

प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की पहल को नर्मदापुरम ने बढ़ाया आगे

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने प्रदेश भर से अपनी समस्याएं और शिकायतें लेकर भोपाल पहुंचने वाले पार्टी के कार्यकर्ताओं और आमजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रदेश भाजपा कार्यालय में मंत्रियों के बैठने की व्यवस्था तय की थी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर मंत्रीगण प्रदेश भाजपा कार्यालय में बैठने भी लगे और आम जन सहित कार्यकर्ताओं को उसका लाभ भी मिलने लगा। अब प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की इस पहल को संभवत: थोड़े से बदले स्वरूप में सबसे पहले प्रदेश के नर्मदापुरम जिले ने आगे बढ़ाया है। 

अलग-अलग दिनों के लिए सौंपी जिम्मेदारी 

नर्मदापुरम जिले की भाजपा जिला अध्यक्ष श्रीमती प्रीति शुक्ला ने भारतीय जनता पार्टी जिला नर्मदापुरम कार्यालय पर जिले भर से आने वाले कार्यकर्ताओं से मिलने एवं जनसमस्याओं के निराकरण हेतु सभी जिला पदाधिकारियों को अलग-अलग दिनों के लिए जिम्मेदारी सौंपी है। यह व्यवस्था संगठनात्मक कार्यों को सुव्यवस्थित करने, प्रत्येक कार्यकर्ता की समस्या को समयबद्ध रूप से समाधान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं लेकर जिला मुख्यालय के पार्टी कार्यालय पर पहुंचते हैं। 

19 पदाधिकारियों की लगाई है ड्यूटी 

उनकी समस्याओं को जिम्मेदारी से सुनने और उनका निराकरण करने के लिए नर्मदापुरम जिला भाजपा अध्यक्ष श्रीमती प्रीति शुक्ला ने सोमवार से शनिवार तक के लिए कुल 19 जिला पदाधिकारियों की ड्यूटी तय की है। अब इसी तर्ज पर बैतूल भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पंवार भी 'राष्ट्रीय जनादेश' के सुझाव पर व्यवस्था बनाने जा रहे हैं।

श्री पंवार ने 'राष्ट्रीय जनादेश' से चर्चा में कहा कि जिला भाजपा कार्यालय में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल सहित चारों अन्य विधायक और सांसद का भी बैठने का दिन तय है। यह व्यवस्था उनकी उपलब्धता पर रहती है। अब हम आपके सुझाव पर जिला पदाधिकारियों की भी ड्यूटी तय कर रहे हैं। जिससे जनप्रतिनिधियों की अनुपस्थिति में पार्टी के जिला पदाधिकारी, आम जन और कार्यकर्ताओं की समस्याएं और शिकायतें सुनकर उनका यथासंभव निराकरण कराएंगे। हमारे प्रदेश अध्यक्ष ने जो संवेदनशील पहल प्रदेश भाजपा कार्यालय में शुरू की है, हम भी उसका अनुसरण कर उसे आगे बढ़ाते हुए सार्थक परिणाम लाने का प्रयास करेंगे।