बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश) (PM Awas Yojana)। पीएम आवास योजना (शहरी) में हितग्राहियों को किस्त का पैसा देने की व्यवस्था बदल दी गई है। नई व्यवस्था में नगरीय निकायों की मध्यस्थता नहीं रहेगी, बल्कि यह राशि शासन से सीधे हितग्राहियों के खाते में डीबीटी (डायरेक्ट बेनेफिट ट्रांसफर) के जरिए पहुंच जाएगी। इससे हितग्राहियों को किस्त मिलने में जरा भी लेटलतीफी नहीं होगी। दूसरी ओर नगरीय निकाय भी योजना की राशि का अन्य मदों में उपयोग नहीं कर पाएंगे। पीएम आवास योजना 2.0 में स्वीकृत हो रहे आवेदनों में राशि इसी नए तरीके से दी जाएगी। 

अभी तक पीएम आवास योजना में हितग्राहियों को किस्त का भुगतान नगरीय निकायों द्वारा किया जाता था। इस योजना के लिए हर निकाय का बैंक खाता है, लेकिन इस खाते का संचालन नगरीय विकास एवं आवास विभाग भोपाल संचालनालय के माध्यम से होता था।

शासन से राशि प्राप्त होने पर यह राशि पहले संबंधित नगरीय निकाय के खाते में ट्रांसफर की जाती थी और फिर वहां से हितग्राही के खाते में ट्रांसफर की जाती थी। ऐसे में कई बार राशि आने के बाद भी कई-कई दिनों तक खाते में ही पड़ी रहती थी तो कई बार ऐसा भी होता था कि इस राशि को अन्य मदों के कार्यों के लिए उपयोग कर लिया जाता था। बाद में जब उस मद की राशि आती थी तो वह हितग्राही को दी जाती थी। इससे हितग्राही को राशि मिलने में खासा विलंब होता था। 

यह बनाई गई अब नई व्यवस्था 

इसे देखते हुए अब नई व्यवस्था बनाई गई है ताकि हितग्राहियों को जल्दी किस्त मिल सके। इसके लिए अब शासन से राशि मिलने पर संबंधित निकायों के खातों में नहीं डाली जाएगी बल्कि आहरण वितरण अधिकारी द्वारा सीधे हितग्राहियों के खातों में डीबीटी के जरिए ट्रंासफर कर दी जाएगी। राशि का भुगतान एसएनए पोर्टल के जरिए किया जाएगा। 

जियो टैग होते ही खाते में आएगी राशि

बदली हुई व्यवस्था में पहली किस्त जहां नगरीय निकाय से डीपीआर आते ही मिल जाएगी वहीं दूसरी और तीसरी किस्त अपेक्षित कार्य पूर्ण होने के संबंध में जियो टैगिंग होते ही खाते में ट्रांसफर कर दी जाएगी। ऐसे में हितग्राहियों को न तो ज्यादा इंतजार करना पड़ेगा और न ही बार-बार नगर पालिका या नगर परिषदों के चक्कर काटने को ही मजबूर होना पड़ेगा। 

बैतूल में अभी तक हुए इतने आवेदन 

पीएम आवास 2.0 योजना के तहत बैतूल शहर से अभी तक 340 आवेदन हुए हैं। इनमें से 262 को स्वीकृति भी मिल चुकी है। स्वीकृति के पश्चात 130 आवासों की डीपीआर भुगतान हेतु डीडीओ को भिजवाए जा चुके हैं। कुछ हितग्राही ऐसे हैं जो कि आवेदन के बाद किन्हीं कारणों से योजना का लाभ नहीं लेना चाहते तो कुछ के बैंक खातों से आधार लिंक नहीं है। उनके आधार लिंक होते ही उनके भुगतान का प्रपोजल भी भिजवा दिया जाएगा। 

पहले चरण की यह है स्थिति

पीएम आवास योजना के पहले चरण में बैतूल शहर में 2745 आवास स्वीकृत हुए थे। इनमें से 2700 आवास पूर्ण किए जा चुके हैं वहीं 45 आवास अपूर्ण हैं। अपूर्ण आवासों में से 7 फाउंडेशन लेवल पर ही हैं। इन्हें पहली किस्त ही मिली है। 28 आवास लेंटल लेवल पर हैं और 10 पर छत डल चुकी है पर प्लास्टर सहित अन्य कार्य नहीं हुए हैं। इन्हें दूसरी किस्त मिल चुकी है। कार्य पूरे होने पर इन्हें अगली किस्त का भुगतान किया जाएगा। 

नपा ने होल्ड कराए हितग्राहियों के खाते

जिन हितग्राहियों द्वारा कार्य पूर्ण नहीं कराया गया है, उनसे जल्द से जल्द कार्य पूर्ण करवाने के लिए नगर पालिका ने उनके बैंक खाते होल्ड करवा दिए हैं। इस कार्यवाही से हितग्राही भी अब अपूर्ण काम को जल्द से जल्द पूरा करवाने के लिए जुट गए हैं।