Betul Voter List: बैतूल जिले में 62737 मतदाताओं के नाम हटे, आमला में सबसे ज्यादा, 6995 की मैपिंग नहीं
बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश) (Betul Voter List)। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया में जिले से 62737 मतदाताओं के नाम हट गए हैं। यह वे मतदाता हैं जिनकी मृत्यु हो चुकी है, अनुपस्थित पाए गए, स्थानांतरित हो गए हैं या फिर रिपीट नाम वाले हैं। इनके अलावा 6995 मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो पाई है। अब नो मेपिंग वाले मतदाताओं को सूचना पत्र जारी किए जा रहे हैं। आज प्रशासन ने प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन भी कर दिया है। इसका अवलोकन 22 जनवरी 2026 तक किया जा सकता है। साथ ही आवश्यक सुधारों के लिए आवेदन भी दिए जा सकते हैं।
एसआईआर की प्रक्रिया शुरू होने से पहले जिले में 12 लाख, 58 हजार, 295 मतदाता थे। इनमें मुलताई में 2 लाख 35 हजार 605, आमला में 2 लाख 19 हजार 778, बैतूल में 2 लाख 62 हजार 061, घोड़ाडोंगरी में 2 लाख 69 हजार 767 और भैंसदेही में 2 लाख 71 हजार 084 मतदाता शामिल थे।
एसआईआर की प्रक्रिया अब पूरी हो चुकी है और आज प्रशासन द्वारा प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन भी कर दिया गया है। अब जिले की मतदाता सूची में 11 लाख, 95 हजार, 558 मतदाता रह गए हैं। इनमें मुलताई में 2 लाख 24 हजार 440, आमला में 2 लाख 01 हजार 297, बैतूल में 2 लाख 48 हजार 387, घोड़ाडोंगरी में 2 लाख 59 हजार 467 और भैंसदेही में 2 लाख 61 हजार 967 मतदाता शामिल हैं। जिले के कुल मतदाताओं में 6 लाख 9 हजार 515 पुरूष, 5 लाख 86 हजार 027 महिला और 16 अन्य मतदाता शामिल हैं।

कहां कितने मतदाता हुए कम
इस तरह जिले में 62737 मतदाता कम हुए हैं। इनमें सबसे ज्यादा 18481 मतदाता आमला में कम हुए हैं। वहीं सबसे कम 9117 मतदाता भैंसदेही विधानसभा क्षेत्र में कम हुए हैं। मुलताई में 11165, बैतूल में 13674 और घोड़ाडोंगरी में 10300 मतदाता कम हुए हैं।
इन कारणों से हटाए गए यह नाम
जिले की मतदाता सूची से जो 62737 मतदाता कम हुए हैं, उनमें 15800 मतदाताओं की मृत्यु होने से, 4403 मतदाता मिले नहीं या अनुपस्थित पाए गए, 38118 मतदाता स्थाई रूप से कहीं और शिफ्ट हो गए और 4415 मतदाताओं के नाम रिपीट होने से हटाए गए हैं।
करीब 7 हजार की मेपिंग ही नहीं
इसके अलावा जिले के 6995 मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो पाई है। इनके नामों का 2003 की मतदाता सूची से मिलान नहीं हो सका है। इनमें सबसे ज्यादा 2129 मतदाता बैतूल के हैं। इनके अलावा मुलताई के 1341, आमला के 1331, घोड़ाडोंगरी के 981 और भैंसदेही के 1213 मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो सकी है।
नोटिस जारी कर सुना जाएगा पक्ष
संयुक्त कलेक्टर और उप जिला निर्वाचन अधिकारी मकसूद अहमद ने बताया कि नो मैपिंग वाले मतदाताओं के नाम सूची से फिलहाल हटाए नहीं गए हैं। लेकिन अंतिम सूची में इनके नाम रहेंगे या नहीं, यह तय करने के लिए इनका पक्ष सुना जाएगा। इसके लिए इन्हें निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इसके बाद इन नो मैपिंग वाले मतदाताओं से दस्तावेज लेकर यह तय किया जाएगा कि इनके नाम अंतिम मतदाता सूची में रखा जाएं या नहीं।
मतदाता सूची का यहां कर सकते अवलोकन
आज प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची का जिले के सभी 1758 मतदान केंद्रों पर अवलोकन किया जा सकता है। मतदान केंद्रों पर बीएलओ के पास और रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में यह सूची उपलब्ध कराई गई है। यहां 22 जनवरी 2026 तक आम नागरिक इसका अवलोकन कर सकते हैं। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर भी इसका अवलोकन किया जा सकता है।
नाम जुड़वाने के लिए यह करना होगा
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और कटवाने की प्रक्रिया भी तय कर दी गई है। ऐसे मतदाता जिनकी आयु 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की हो गई है या हो रही है, वे प्रारूप 6 में घोषणा पत्र के साथ आवेदन कर सकते हैं। यदि पूर्व में अन्य विधानसभा क्षेत्र या मतदान केंद्र में नाम दर्ज है और उसे अन्य मतदान केंद्र में जुड़वाना है तो प्रारूप 8 में आवेदन करना होगा। यदि मतदाता सूची में किसी प्रविष्ठी में सुधार करना है तो प्रारूप 8 में आवेदन करना होगा। इसके अलावा नाम विलोपन के लिए प्रारूप 7 में आपत्ति पेश की जा सकती है।

Shastri Stadium Betul: लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम का कमर्शियल उपयोग: बिना अनुमति कोचिंग, सुरक्षा इंतजाम नदारद
Sonaghati railway bridge: सोनाघाटी में बनेगा नया ब्रिज: तीसरी रेलवे लाइन के साथ यातायात होगा आसान
Betul underbridge closed: अंडरब्रिज बंद, 10 वार्डों की मुसीबत: मोक्षधाम, स्कूल और अस्पताल तक पहुंचना हुआ मुश्किल
राशिफल 7 अप्रैल 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
कसनिया में 33/11 केवी नवनिर्मित विद्युत उपकेंद्र प्रारंभ
ई-ऑफिस में फाईल बढ़ाते समय सभी नियमों एवं स्पष्ट अभिमत के साथ हो प्रस्तुतिकरण : प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा