Face Attendance System: फेस बेस्ड अटेंडेंस का असर: बैतूल नगर पालिका में 27 कर्मचारियों का वेतन कटा, 50 को नोटिस
बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश) (Face Attendance System)। प्रदेश भर के नगरीय निकायों में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए नवंबर माह से फेस बेस्ट अटेंडेंस (चेहरा आधारित उपस्थिति) सिस्टम अनिवार्य कर दिया गया है। अब इसके आधार पर ही वेतन का भुगतान किया जाएगा। इस सिस्टम के लागू होने पर पहले महीने ही बैतूल नगर पालिका में व्यापक असर नजर आया है। यहां 27 कर्मचारियों के वेतन पर कटौती की कैंची चल गई है वहीं करीब आधा सैकड़ा पर कटौती की तलवार लटक रही है।
गौरतलब है कि नगरीय प्रशासन एवं आवास विभाग द्वारा नवंबर महीने से फेस बेस्ट अटेंडेंस सिस्टम (एईबीएएस) अनिवार्य रूप से लागू कर दिया गया है। सभी निकायों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि इस सिस्टम के आधार पर ही अब वेतन का भुगतान किया जाएगा। इसमें अधिकारी हो या कर्मचारी, सभी को ड्यूटी पर पहुंचने के समय सुबह 10 बजे और ड्यूटी से वापसी के समय शाम 6 बजे या उसके बाद फेस बेस अटेंडेंस लगाना है। इस सिस्टम से अटेंडेंस नहीं लगाने या समय के पहल ेया बाद में अटेंडेंस लगाने वालों के वेतन में कटौती किए जाने के निर्देश भी दिए गए हैं। बैतूल नगर पालिका में भी नवंबर माह में यह सिस्टम लागू कर दिया गया है।
इतने कर्मचारियों का वेतन कटा
बैतूल नगर पालिका में 611 कर्मचारी पदस्थ हैं। इनमें से 335 दैनिक वेतन भोगी है। यह सिस्टम लागू होने पर इसका खासा असर पहले ही महीने नजर आया है। नपा के 27 कर्मचारियों के इस महीने के वेतन में कटौती की गई है। इसकी वजह यह है कि इन कर्मचारियों द्वारा फेस बेस्ट अटेंडेंस नहीं लगाई गई। यह नियमित और स्थाई कर्मचारी है।
आधा सैकड़ा को दिए गए नोटिस
इसके अलावा करीब आधा सैकड़ा कर्मचारी ऐसे भी हैं जिनकी हाजरी सुबह 10 बजे के बाद और शाम को 6 बजे के पहले लगी है। इसके चलते यह भी वेतन कटौती के दायरे में आ गए हैं। इन सभी को फिलहाल नोटिस दिए गए हैं और उनसे जवाब प्रस्तुत करने को कहा गया है। अभी तक 20 कर्मचारियों के जवाब भी आ चुके हैं।
इसलिए पड़ी नोटिस देने की जरुरत
नपा अधिकारियों के अनुसार इस बार कई कर्मचारियों की ड्यूटी एसआईआर में लगी है। इसके चलते इन्हें वक्त-बेवक्त ड्यूटी पर जाना पड़ता है। यही कारण है कि उन्हें नोटिस दिए गए हैं ताकि वे अपनी स्थिति बता दें। यदि गलत समय पर हाजरी लगाने का वाजिब कारण सामने आता है तो वेतन नहीं काटा जाएगा। इन सभी के वेतन का अभी भुगतान नहीं किया गया है।
सीएम के कार्यक्रम ने करा दिया वेतन
नगर पालिका बैतूल में पिछले कई महीनों से वेतन की लेटलतीफी चल रही है। इस बार तो फिर भी आज 22 दिसंबर को वेतन का भुगतान कर दिया गया है। इसकी वजह है कि कल सीएम डॉ. मोहन यादव का बैतूल में कार्यक्रम है। अधिकारियों को डर था कि कर्मचारी कहीं वेतन को लेकर बवाल न कर दें। इसलिए एक दिन पहले ही वेतन का भुगतान कर दिया गया। कर्मचारियों को इसकी उम्मीद ही नहीं थी। स्थिति यह थी कि वेतन खातों में आने के बावजूद कई कर्मचारियों ने तो एसएमएस ही नहीं देखे थे। इसके बावजूद कुछ कर्मचारी तो वेतन को लेकर मुख्यमंत्री से शिकायत करने का पूरा मन बनाकर रखे हुए हैं।

Shastri Stadium Betul: लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम का कमर्शियल उपयोग: बिना अनुमति कोचिंग, सुरक्षा इंतजाम नदारद
Sonaghati railway bridge: सोनाघाटी में बनेगा नया ब्रिज: तीसरी रेलवे लाइन के साथ यातायात होगा आसान
Betul underbridge closed: अंडरब्रिज बंद, 10 वार्डों की मुसीबत: मोक्षधाम, स्कूल और अस्पताल तक पहुंचना हुआ मुश्किल
राशिफल 7 अप्रैल 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
कसनिया में 33/11 केवी नवनिर्मित विद्युत उपकेंद्र प्रारंभ
ई-ऑफिस में फाईल बढ़ाते समय सभी नियमों एवं स्पष्ट अभिमत के साथ हो प्रस्तुतिकरण : प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा