आठनेर (राष्ट्रीय जनादेश) (social solidarity)। हम सभी बचपन से सुनते और देखते आए हैं कि 'एकता में शक्ति होती हैÓ। यदि इस एकता में अपनापन, आत्मीयता और संवेदनशीलता भी जुड़ जाए तो यही एकता दुख को सुख में और निराशा को आशा में बदलने जैसे दुर्लभ कार्य भी कर सकती है। साहू समाज की संवेदना से भरी एकता ने यही चमत्कार जिले के ग्राम सेलगांव में कर दिखाया। इस पहल और कार्य की आज हर कोई मुक्त कंठ से प्रशंसा कर रहा है। 

उल्लेखनीय है कि विगत दिवस सेलगांव ग्राम में हुई आगजनी की घटना ने साहू समाज के चिंध्या उदयपुरे का सब कुछ छीन लिया था। उनका मकान, दुकान,  कपड़े, गृहस्थी का पूरा सामान, सब कुछ जल गया था। उनके पास कुछ भी नहीं बचा था और पूरा परिवार बेहद मायूस, निराश और नाउम्मीद हो चुका था। ऐसी स्थिति में क्षेत्रीय श्री बाथरी  साहू समाज उनकी मदद को आगे आया। समाज के 52 ग्रामों के सामाजिक बंधुओं ने मदद के लिए आगे हाथ बढ़ाए और छोटी-छोटी आर्थिक मदद पीड़ित परिवार के लिए जुटाना शुरू की। 

सहायता के साथ ही बंधाया ढांढस 

साहू समाज के 12 सेक्टरों के सभी ग्रामों से इस कार्य के लिए आर्थिक सहायता मिली। आर्थिक सहायता के साथ ही सभी सामाजिक बंधुओं ने पीड़ित परिवार को ढांढस बंधाया और सामाजिक एकजुटता का परिचय दिया। क्षेत्रीय साहू समाज के सभी ग्रामों से प्राप्त सहायता राशि को आज पीड़ित परिवार को सौंप दी गई।  

कुछ समितियों की राशि प्राप्त होना शेष

अभी कुछ सेक्टर समितियों की सहायता राशि प्राप्त होना शेष है। यह सेक्टर समिति द्वारा परिवार तक पहुंचा दी जाएगी। इस अवसर पर साहू समाज के अध्यक्ष रामप्रसाद लहरपुरे ने कहा कि पीड़ित परिवार की मदद के लिए सभी सामाजिक बंधुओं का योगदान मिला। सभी  सेक्टर के ग्रामों से सहायता राशि प्राप्त हुई जो कि सामाजिक एकजुटता का प्रमाण है।  

डेढ़ लाख रुपये की राशि सौंपी गई 

सेक्टर ग्रामों से प्राप्त लगभग 150000  रुपए की राशि आज पीड़ित परिवार को सौंप दी गई। इससे परिवार के सदस्यों की मायूसी और निराशा आशा में बदल गई और उन्हें उम्मीद की एक किरण नजर आने लगी। 

सेक्टर समिति ने माना समाज का आभार 

इस अवसर पर क्षेत्रीय श्री बाथरी साहू समाज के सभी पदाधिकारी, सभी सेक्टर अध्यक्ष, पदाधिकारी  एवं  सभी सामाजिक बंधु उपस्थित थे। आर्थिक सहायता राशि प्रदान करने पर सेलगांव से सेक्टर समिति द्वारा सभी सामाजिक बंधुओं का पीड़ित परिवार की ओर से आभार प्रकट किया गया।