Betul Medical College: बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत बोले- कुछ वर्षों में बैतूल बनेगा मेडिकल हब, 150 डॉक्टर हर साल होंगे तैयार
बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश) (Betul Medical College)। बैतूल में मेडिकल कॉलेज शुरू होने के बाद अगले सत्र से एडमिशन भी शुरू हो जाएंगे। 5 साल बाद बैतूल मेडिकल कॉलेज से प्रतिवर्ष 150 डॉक्टर बनेंगे। इनमें से 60-70 प्रतिशत भी यदि बैतूल में रहकर अस्पताल शुरू करेंगे या क्लिनिक चलाएंगे तो बैतूल में न सिर्फ डॉक्टरों की कमी दूर होगी बल्कि सभी बीमारियों के लिए डॉक्टर उपलब्ध रहेंगे। कुछ वर्षों में बैतूल भी नागपुर की तरह मेडिकल हब के रूप में डेवलप हो जाएगा।
यह बातें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने पीपीपी मोड पर बनने वाले मेडिकल कॉलेज की 23 दिसंबर को आधारशिला रखने के पूर्व रविवार को होटल जायका में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कही। श्री खंडेलवाल ने पीपीपी मोड पर बनने वाले मेडिकल कॉलेज को लेकर आमजन में चल रही भ्रांतियों को दूर करते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज खुलना जिले के लिए बड़ी सौगात है। पीपीपी मोड का मतलब प्रायवेट मेडिकल कॉलेज नहीं है। यह सरकार के नियंत्रण में रहेगा और 75 बेड प्रतिशत (450 बेड) पर नि:शुल्क उपचार होगा। मध्यमवर्गीय परिवारों को नाममात्र का शुल्क लगेगा वहीं आयकर दाताओं का सीजीएचएस पैकेज में मात्र 25 फीसदी शुल्क में उपचार होगा।

कल रखेंगे आधारशिला
बैतूल में कोसमी जलाशय के पास पीपीपी मोड पर बनने वाले मेडिकल कॉलेज की आधारशिला रखने कल केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री एवं भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगतप्रकाश नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बैतूल आ रहे हैं। मेडिकल कॉलेज के संबंध में विस्तृत जानकारी और लोगों के मन में पनप रही भ्रांतियां दूर करने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने रविवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में विस्तृत जानकारी दी। पत्रकार वार्ता में आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, भैंसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पंवार भी मौजूद थे।
जिलेवासियों को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं
श्री खंडेलवाल ने कहा कि वर्तमान में गंभीर बीमारी के उपचार के लिए जिलेवासियों को नागपुर या भोपाल जाना पड़ता है। मेडिकल कॉलेज शुरू होने से विशेषज्ञ एवं अनुभवी डॉक्टर जिले में उपलब्ध होंगे। जिससे जटिल बीमारियों के साथ ही थर्ड स्टेज पर होने वाले जटिल व बड़े ऑपरेशन स्थानीय स्तर पर बैतूल में ही हो जाएंगे। मेडिकल कॉलेज में अत्याधुनिक उपकरण, मशीनें, सीटी स्कैन, एमआरआई आदि होंगी, जिनसे सही जांच होने से उपचार भी सही होगा।
इसके साथ ही डॉक्टर, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ सहित अन्य सहायक कर्मचारियों के लिए नई नौकरी मिलना आसान होगा। मेडिकल कॉलेज खुलने से आसपास के क्षेत्रों में रियल एस्टेट, खानपान सहित अन्य व्यवसाय बढ़ेंगे। गंभीर मरीजों को बैतूल में ही बेहतर उपचार होने से बाहर जाने के समय और रूकने में होने वाले खर्च की बचत होगी। इससे बाहर ले जाते समय रास्ते में होने वाली मौतों पर भी अंकुश लगेगा।
जिले के विकास में मील का पत्थर साबित होगा मेडिकल कॉलेज: डॉ. पंडाग्रे
पत्रकार वार्ता में मौजूद आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की सराहना करते हुए कहा कि हेमंत भैया के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद जिले का बदलाव हो रहा है। मेडिकल कॉलेज तो जिले के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। साथ ही खेल, रोजगार, बेहतर स्वास्थ्य सुविधा, इंडस्ट्री के क्षेत्र में भी हेमंत भैया के प्रयासों से जिले की तस्वीर बदलेगी। उनकी विधानसभा के सारणी में पॉवर प्लांट स्थापित हो रहा है। डॉ. पंडाग्रे ने कहा कि मेडिकल कॉलेज खुलने से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, वहीं बैतूल चिकित्सा एवं अनुसंधान का केंद्र बनेगा। जिससे स्थानीय विद्यार्थियों को भी लाभ होगा।

पाकिस्तान बना US-ईरान समझौते का जरिया, ट्रंप को दिए लालच के आरोप
कोहली से तुलना पर भड़के बाबर आजम, पत्रकार से हुई तीखी बहस
वेस्ट एशिया संकट के बीच निर्यातकों को राहत, डीजी शिपिंग का बड़ा आदेश
अमेरिका में जाति विवाद गहराया, हिंदू समुदाय को निशाना बनाने का आरोप
केरल में अनुभव बनाम बदलाव की टक्कर, राजग को चमत्कार की आस
भारत के खिलाफ टेस्ट से बाहर रह सकते हैं राशिद खान