POS Machine Upgrade: पीओएस मशीनों में इंस्टाल हुआ एल-वन स्कैनर, अब राशन मिलने में नहीं होगी देरी
बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश) (POS Machine Upgrade)। राशन दुकानों पर थंब मैचिंग (अंगूठा मिलान) को लेकर लंबे समय से ग्राहकों को परेशान होना पड़ रहा था। कई बार थंब मैच नहीं होने पर कुछ लोगों को बिना राशन तक लिए वापस लौटना पड़ता था, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। दरअसल, जिले भर की राशन दुकानों में उपयोग की जाने वाली पीओएस (प्वाइंट ऑफ सेल) मशीनों में अब एडवांस सॉफ्टवेयर इंस्टाल किया जा रहा है। जिले में यह कार्य लगभग पूरा हो चुका है।
जिले और प्रदेश भर में वर्ष 2013-14 से राशन वितरण के लिए पीओएस मशीनों का उपयोग किया जा रहा है। जिले में 662 दुकानें हैं जिनके माध्यम से 3 लाख, 9 हजार, 290 उपभोक्ता हर महीने राशन प्राप्त करते हैं। पीओएस मशीनों के जरिए राशन प्राप्त करने में उपभोक्ता या परिवार के किसी एक सदस्य को अपने अंगूठे का निशान भी लगाना होता है। इसका मिलान होने के बाद ही राशन मिलता है।
अभी तक था एल-जीरो स्कैनर
वर्तमान में राशन दुकानों में जिन मशीनों का उपयोग हो रहा है, उनमें एल-जीरो सॉफ्टवेयर इंस्टाल होकर आया था। यह मशीनें यूआईडीएआई के पोर्टल से डाटा फैच करती हैं। अभी तक यूआईडीएआई द्वारा एल-जीरो स्कैनर का उपयोग करने की अनुमति दी गई थी। इसके अलावा जहां-जहां भी बायोमैट्रिक मशीनों से सत्यापन होता है, वहां सभी जगह भी इसी स्कैनर उपयोग किया जाता था।
यूआईडीएआई ने बदला नियम
अब यूआईडीएआई ने साफ कह दिया है कि भविष्य में एल-जीरो स्कैनर से काम नहीं चलेगा। यूआईडीएआई ने सभी को एल-वन स्कैनर इंस्टाल करने को कहा है। पहले इसके लिए सितंबर तक की मोहलत दी गई थी, लेकिन फिर इसे बढ़ाकर दिसंबर तक कर दिया गया है। अब जनवरी माह से केवल एल-वन स्कैनर से ही डाटा फैच करने की अनुमति रहेगी। यह स्कैनर का एडवांस फीचर है।
जिले में लंबे समय से चल रहा काम
यूआईडीएआई का फरमान मिलते ही पीओएस मशीनों का संचालन करने वाली कंपनी ने जिले में भी इंजीनियर को भिजवाकर जिला आपूर्ति कार्यालय में सेल्समैनों से मशीनें बुलाकर यह स्कैनर बदलना शुरू कर दिया था। अब यह काम लगभग पूरा होने को हैं। इससे यूआईडीएआई द्वारा यह स्कैनर अनिवार्य किए जाने के बाद जिले में राशन वितरण का कार्य प्रभावित नहीं होगा।
लोगों को नहीं होगी अब परेशानी
खाद्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार पीओएस मशीनों में एल-वन स्कैनर इंस्टाल हो जाने के बाद अब राशन लेने पहुंचने वाले लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना होगा। न किसी को बिना राशन के लौटना होगा और न ही निशान मिलाने के लिए बार-बार कोशिश ही करनी होगी। नया और एडवांस स्कैनर होने से आसानी से अंगूठे के निशान मैच हो सकेंगे और लोग जल्दी ही राशन लेकर अपने घर लौट सकेंगे। दूसरी ओर सेल्समैनों को भी आसानी होगी। वे जल्दी-जल्दी अपना काम निपटा सकेंगे।

KKR के खिलाफ जीत के इरादे से उतरेगी CSK, प्लेइंग XI पर सबकी नजर
राजस्व विभाग में बड़ा फेरबदल, कई तहसीलों से अधिकारियों के तबादले से प्रशासन में हलचल
TMC सांसद सायनी घोष कौन हैं? चुनाव प्रचार में गानों को लेकर क्यों मचा है विवाद, BJP ने लगाए तुष्टीकरण के आरोप
IPL 2026 में डुप्लेसिस का बड़ा बयान, MI को दी रणनीति बदलने की सलाह
Betul Collector Meeting: जमीनी स्तर तक पहुंचे योजनाओं का लाभ, आमजन को न हो परेशानी: कलेक्टर डॉ. सोनवणे