corn rack crisis: मक्का ले जाने को नहीं मिल रही रैक, कृषि उपज मंडी में लगा अंबार, खरीदी पर संकट
बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश) (corn rack crisis)। बैतूल रेलवे माल गोदाम में पिछले 3 दिनों से लगातार सीमेंट और खाद की रैक आने से व्यापारियों को मक्का ले जाने रैक ही नहीं मिल रही है। शहर के दूसरे रैक पाइंट मरामझिरी में प्लेटफॉर्म नहीं बनने से बैतूल रैक पाइंट पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है। आज रविवार को भी सीमेंट की रैक आने से सोमवार तक मक्का की रैक लगने की संभावना नहीं है। व्यापारियों को मक्का ले जाने रैक नहीं मिलने से बैतूल कृषि उपज मंडी मक्का से भर गई है। यदि यही हालत रहे तो आने वाले सप्ताह में भी मक्का खरीदी प्रभावित हो सकती है।
कृषि उपज मंडी में इस खरीफ सीजन में मक्का की बंपर आवक हो रही है। दो माह में ही 11 लाख क्विंटल से अधिक मक्का की आवक हो गई है। बैतूल मंडी से बड़ी मात्रा में मालगाड़ी से मक्का बाहर जाती है। बैतूल रेलवे स्टेशन के साथ ही मरामझिरी रैक पाइंट से मालगाड़ी लोड-अनलोड होती है। लेकिन, इस साल मरामझिरी रैक पाइंट से प्लेटफॉर्म निर्माण कार्य पूर्ण नहीं होने से सिर्फ बैतूल रैक पाइंट से ही लोडिंग और अनलोडिंग हो रही है।
तीन दिन से लगातार आ रही सीमेंट-मक्का की रैक
मरामझिरी रैक पाइंट अघोषित रूप से बंद होने से अब बैतूल रैक पाइंट पर ही रैक अनलोड और लोड हो रही है। एक रैक आने पर लगभग 24 घंटे खाली होने में लगते हैं। रेलवे सूत्रों के अनुसार बैतूल रैक पाइंट से मंगलवार को मक्का ले जाने रैक लगी थी जो बुधवार को रवाना हुई। इसके बाद गुरुवार को सीमेंट की रैक आई, शुक्रवार को खाद की रैक बैतूल पहुंची, शनिवार को भी सीमेंट की रैक आई है और रविवार को भी खाद की रैक आ रही है। रेलवे द्वारा भरकर आने वाली रैक को पहले प्राथमिकता दी जाती है। खाली समय में माल भेजने वाली रैक लगाई जाती है। रविवार को भी खाद की रैक आने से अब सोमवार तक मक्का ले जाने रैक मिलना मुमकिन नहीं है।
मक्का के बोरों से भरी बैतूल मंडी
मंडी में मक्का की खरीदी करने वाले व्यापारी ट्रकों से कम ही मक्का ले जाते हैं। अधिकतर मक्का मालगाड़ी से भेजते हैं। मंगलवार के बाद रैक नहीं मिलने से बैतूल मंडी में मक्का के बोरों से पूरा परिसर भर गया है। मंडी प्रबंधन द्वारा व्यापारियों पर मक्का नहीं उठाने के बाद भी कार्यवाही नहीं करने से व्यापारी मंडी में ही मक्का स्टॉक कर रहे हैं। इसी के चलते शनिवार को मक्का खरीदी कैंसिल करनी पड़ी। यदि इस सप्ताह भी मक्का ले जाने रैक नहीं मिली तो मक्का खरीदी कैंसिल होने की संभावना है।

KKR के खिलाफ जीत के इरादे से उतरेगी CSK, प्लेइंग XI पर सबकी नजर
राजस्व विभाग में बड़ा फेरबदल, कई तहसीलों से अधिकारियों के तबादले से प्रशासन में हलचल
TMC सांसद सायनी घोष कौन हैं? चुनाव प्रचार में गानों को लेकर क्यों मचा है विवाद, BJP ने लगाए तुष्टीकरण के आरोप
IPL 2026 में डुप्लेसिस का बड़ा बयान, MI को दी रणनीति बदलने की सलाह
Betul Collector Meeting: जमीनी स्तर तक पहुंचे योजनाओं का लाभ, आमजन को न हो परेशानी: कलेक्टर डॉ. सोनवणे