Betul Municipality Building: बैतूल में ढाई करोड़ की लागत से बनेगा नगर पालिका का 4 मंजिला भवन, टाउन हाल होगा रिटायर
बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश) (Betul Municipality Building)। शहर सरकार यानी नगर पालिका परिषद को जल्द ही 4 मंजिला चमचमाता भवन मिल जाएगा। इसकी स्ट्रक्चर ड्राइंग को हरदा पोलीटेक्रिक कॉलेज से स्वीकृति मिल गई है। मुख्यालय से प्रशासकीय स्वीकृति भी पहले ही मिल चुकी है। अब बस तकनीकी स्वीकृति लेना है। नई बिल्डिंग बनने के साथ ही अंग्रेजों के जमाने में वर्ष 1908 में बने पुराने टाउन हाल को रिटायर कर दिया जाएगा, जहां से अभी शहर सरकार का संचालन हो रहा है। नई बिल्डिंग बनने से नगर पालिका के कर्मचारियों के साथ ही यहां रोजाना अपने कामों से आने वाले आम नागरिकों को भी खासी सहूलियत होगी।
गौरतलब है कि नगर पालिका कार्यालय का संचालन अभी जिस भवन में है वह वर्ष 1908 में बना था। इसे उस समय टाउन हाल नाम दिया था। नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और सीएमओ के चैंबर इसी में हैं। इसके अलावा स्थापना व अन्य कई शाखाओं का संचालन भी इसी टाउन हाल से होता है। टाउन हाल बनने के कुछ समय बाद एक और भवन परिसर में ही बना था। इस भवन में फिलहाल राशन कार्ड, स्वास्थ्य, पेंशन, जीपीएफ और संबल शाखाएं संचालित हो रही हैं।
नपा में कुल इतनी शाखाओं का काम
नगर पालिका में राजस्व, लोक निर्माण विभाग, जल प्रदाय, लेखा, पेंशन, एनयूएलएम, जन्म मृत्यु, स्वास्थ्य, भवन निर्माण, स्थापना, सामान्य प्रशासन इतनी शाखाएं संचालित होती हैं। टाउन हाल और एक अन्य भवन में इतनी शाखाएं संचालित करना संभव नहीं था क्योंकि कार्य और कर्मचारी दोनों ही बढ़ रहे थे।
परिसर में ही बनाया गया एक और भवन
ऐसे में नगर पालिका द्वारा वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर नपा परिसर में ही एक और भवन बनाया। इसमें वर्तमान में राजस्व, लोक निर्माण, जन्म मृत्यु, जल प्रदाय आदि शाखाएं हैं। वहीं कुछ शाखाओं के कार्यालय शिवाजी चौक स्थित पुराने मंदिर के भवन में शिफ्ट किए गए।
लगातार जर्जर हो रहे पुराने भवन
इधर स्थिति यह है कि नपा के दोनों पुराने भवन लगातार जर्जर होते जा रहे हैं। इन भवनों में कुछ जगह तो स्थिति यह हो गई है कि कर्मचारियों को इनमें बैठकर काम करने में भी डर लगता है। उन्हें हमेशा यही डर सताता है कि पता नहीं कब छत या दीवार ढह जाए। इसके अलावा दो अलग-अलग स्थानों पर कार्यालय होने से लोगों को भी यहां से वहां चक्कर काटने पड़ते हैं। मुख्य कार्यालय में स्थिति यह है कि यहां अपने कामों से आने वालों के लिए बैठने तक की व्यवस्था नहीं है। इन्हीं सब कारणों से नए भवन की जरुरत महसूस की जा रही थी।
15000 वर्गफीट में बनेगी नई बिल्डिंग
नगर पालिका की नई बिल्डिंग का निर्माण 2 करोड़, 47 लाख रुपये में होगा। यह जी प्लस थ्री यानी कुल 4 मंजिला बनेगी। हर फ्लोर पर इसका कंस्ट्रक्शन एरिया 50 बाय 60 फीट यानी 3000 वर्गफीट होगा। इसकी प्रशासकीय स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है। अब स्ट्रक्चर ड्राइंग की मंजूरी मिलने के बाद तकनीकी स्वीकृति ली जाएगी। नई बिल्डिंग में लिफ्ट भी लगाई जाएगी, जिससे यहां अपने कार्यों से आने वाले नागरिकों को विभिन्न शाखाओं में जाने में कोई परेशानी न हो।

Fire Brigade Misuse Betul: दमकलों का दुरुपयोग: खेतों की आग में उलझी फायर ब्रिगेड, शहर की सुरक्षा पर खतरा
राशिफल 15 अप्रैल 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
बिलासपुर से अयोध्या धाम के लिए स्पेशल ट्रेन रवाना, 850 तीर्थ यात्रियों को मिलेगा काशी-विश्वनाथ दर्शन का अवसर
उत्कृष्ट गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से रोशन हो रहा प्रदेश का भविष्य : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
धमतरी में ‘STREE’ परियोजना का शुभारंभ: 300 ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा आत्मनिर्भरता का नया रास्ता