Betul lease distribution: बैतूल शहर में जल्द मिलेंगे पट्टे, सर्वे सूची पहुंची तहसील, सामने आए 609 दावेदार
बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश) (Betul lease distribution)। शासन द्वारा शहरी क्षेत्र में निवासरत भूमिहीन लोगों को पट्टों का वितरण किया जाना है। इसके लिए सभी नगरीय निकायों में सर्वे कराया गया है। बैतूल नगर पालिका क्षेत्र में भी यह सर्वे कराया जा चुका है। इसमें पट्टे के 609 दावेदार सामने आए हैं। नगर पालिका द्वारा वार्डवार बनी नामों की सूची तहसीलदार को सौंप दी गई है। अब इनकी पात्रता और अपात्रता की जांच होगी। हालांकि संभावना जताई जा रही है कि दावेदारों के नामों में और इजाफा हो सकता है।
प्रदेश शासन द्वारा उन भूमिहीन लोगों को पट्टे दिए जा रहे हैं जो कि 31 दिसंबर 2020 की स्थिति में ऐसी भूमि पर कब्जा रखते हो। इसके लिए सर्वे का काम 20 नवंबर से 13 दिसंबर तक किया जाना था, लेकिन बैतूल में यह प्रक्रिया थोड़ी देरी से शुरू हुई, जिसके चलते सर्वे का काम भी लेट हो गया। हालांकि यह सर्वे लगभग हो चुका है। नगर पालिका द्वारा सर्वे के आधार पर यह सूची तहसीलदार (बैतूल शहर) को सौंप दी है।
सबसे ज्यादा विवेकानंद वार्ड के
सर्वे के आधार पर जो सूची बनी है, उसमें कुल 609 नाम शामिल हैं। इनमें सबसे ज्यादा विवेकानंद वार्ड के 75 नाम हैं। इसके अलावा पटेल वार्ड से 72 नाम हैं। कुछ वार्ड ऐसे हैं जहां पर मात्र 1-2 नाम ही आए हैं। इनमें आजाद वार्ड और विनोबा वार्ड में 1-1 व विकास वार्ड और राजेंद्र वार्ड में 2-2 नाम आए हैं। वहीं मालवीय वार्ड में 3 नाम हैं।
इन वार्डों से भी सामने आए दावेदार
इनके अलावा अर्जुन वार्ड से 55, दुर्गां वार्ड से 48, शिवाजी वार्ड से 7, गांधी वार्ड से 41, भगतसिंह वार्ड से 35, शास्त्री वार्ड से 49, आर्य वार्ड से 31, तिलक वार्ड से 22, जयप्रकाश वार्ड से 07, कृष्णपुरा वार्ड से 27, जवाहर वार्ड से 48, देशबंधु वार्ड से 26, लोहिया वार्ड से 40 नाम सामने आए हैं। वहीं 12 वार्डों से फिलहाल एक भी नाम सामने नहीं आया है।
इन लोगों को नहीं मिलेंगे पट्टे
शासन द्वारा पट्टे वितरण के लिए कई मापदंड भी तय किए गए हैं। इसके अनुसार जिन लोगों का कब्जा नाले या तालाब की जमीन पर, कैचमेंट एरिया में, रास्ते की जमीन पर या हाईटेंशन लाइन के नीचे होगा, उन्हें पट्टा नहीं दिया जाएगा। इसके अलावा जिन लोगों के या जिनके कुटुंब के किसी सदस्य के नाम कोई भी भूमि होगी, उन्हें भी पट्टा के लिए पात्र नहीं माना जाएगा।
अब जांच करेगा राजस्व विभाग
नगर पालिका द्वारा पट्टे से वंचित लोगों की सूची दिए जाने के बाद राजस्व विभाग द्वारा यह जांच की जाएगी कि इनमें से कौन-कौन लोग पट्टा पाने के लिए पात्र हैं और कौन-कौन पात्र नहीं है। यह जांच शासन द्वारा तय मापदंडों के आधार पर की जाएगी। जांच के बाद जो लोग पात्र पाए जाएंगे, उन्हें पट्टा वितरण किया जाएगा। पट्टा वितरण के लिए 4 जनवरी से 20 फरवरी तक की अवधि तय की गई है।
इनका कहना...
नगर पालिका क्षेत्र बैतूल की सूची आज प्राप्त हो गई है। अब सूची में शामिल नामों की पात्रता की जांच की जाएगी। जो लोग पात्र पाए जाएंगे, उन्हें पट्टा वितरण किया जाएगा।
पूनम साहू, तहसीलदार (शहर), बैतूल
शासन से प्राप्त निर्देश के आधार पर नगर पालिका बैतूल क्षेत्र में सर्वे कर लिया गया है। इसकी सूची प्रदान कर दी गई है। हालांकि इसमें अभी कुछ नाम और बढ़ सकते हैं।
ब्रजगोपाल परते, राजस्व निरीक्षक, नगर पालिका परिषद, बैतूल

बंगाल चुनाव 2026: योगी की एंट्री से बढ़ा पारा, ममता सरकार पर बोला तीखा हमला
बजट सत्र का समापन: लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित, 93% रही उत्पादकता
होर्मुज जलडमरूमध्य पर तनाव: ईरान ने दी अमेरिका को नौसैनिक नाकेबंदी पर चेतावनी
सदन में संग्राम: राहुल गांधी ने पीएम मोदी को कहा 'जादूगर', बीजेपी का जोरदार हंगामा
वाराणसी से ललकार: स्मृति ईरानी ने अखिलेश को अपनी सुरक्षित सीट छोड़ने की चुनौती दी