Betul Cricket Stadium: पूरे होने लगे वादें, पांच करोड़ में बनने वाले क्रिकेट स्टेडियम और सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक के टेंडर जारी
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल के प्रयासों से बदलेगा बैतूल का खेल परिदृश्य
बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश) (Betul Cricket Stadium)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल की पहल पर बैतूल को मिलने वाली क्रिकेट स्टेडियम और सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक जैसी सौगात का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। मुख्यमंत्री विशेष निधि से 5 करोड़ रुपए की लागत से होने वाले इन दोनों ही कार्यों को स्वीकृति मिल गई है। इसके बाद नगर पालिका ने इन कार्यों के लिए टेंडर भी जारी कर दिए हैं।
गौरतलब है कि आदिवासी बाहुल्य बैतूल जिले की खेल प्रतिभाओं को विधायक श्री खंडेलवाल ने यह बड़ी सौगात दी है। उनके विशेष प्रयासों से बैतूल के खेल परिदृश्य में बदलाव की शुरुआत हो गई है। इनका निर्माण होने के बाद बैतूल जिले की खेल प्रतिभाओं को जिला मुख्यालय पर ही राष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट एवं एथलेटिक खेलों के प्रशिक्षण की सुविधा मिलने के साथ ही बैतूल में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन भी हो सकेगा।
स्पोर्ट्स कांप्लेक्स बनाने की योजना
उल्लेखनीय है कि आदिवासी बाहुल्य बैतूल जिले की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल द्वारा बैतूल में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के लिए विस्तृत कार्य योजना बनाई है। इसके पहले चरण में राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम एवं सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक का निर्माण होगा।

स्टेडियम की एक हजार दर्शकों की क्षमता
श्री खंडेलवाल के विशेष प्रयासों से एस्ट्रो टर्फ खेल मैदान के बाजू में उत्कृष्ट विद्यालय बैतूल की भूमि पर लगभग साढ़े चार करोड़ रुपए की लागत से राष्ट्रीय मापदंडों के स्तर का सर्व सुविधायुक्त क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। लगभग 1000 दर्शकों की क्षमता के क्रिकेट स्टेडियम में प्रशासनिक सह पेवेलियन भवन, बाउंड्रीवॉल, फेंसिंग रिटेनिंग वॉल, कल्वर्ट, एंट्री गेट, आरसीसी ड्रेनेज, शौचालय, रेस्ट रूम, आरसीसी रोड, पार्किंग एरिया, क्रिकेट फील्ड, इलेक्ट्रिफिकेशन, स्टेडियम सीटिंग चेयर सहित अन्य निर्माण कार्य एवं व्यवस्थाएं की जाएंगी।
पुलिस ग्राउंड में बनेंगे पांच सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक
बैतूल जिले के छात्र-छात्राओं द्वारा आर्मी, पुलिस, फॉरेस्ट सहित अन्य विभागों में चयन के लिए की जाने वाली शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी को सुविधाजनक बनाने के लिए श्री खंडेलवाल की पहल पर पुलिस परेड ग्राउंड बैतूल में लगभग 40 लख रुपए की लागत से 100-100 मीटर लंबाई के 5 लेन सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक का निर्माण किया जाएगा। राष्ट्रीय गुणवत्ता मानक के इस ट्रैक पर रनिंग कर छात्र-छात्राएं शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी कर सकेंगे। साथ ही एथलेटिक्स, रनिंग के खिलाड़ियों को बैतूल में ही राष्ट्रीय स्तर की सुविधा मिलेगी।
बैतूल को खेलों के हब के रूप में करेंगे विकसित
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि आदिवासी बाहुल्य बैतूल जिले में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत है खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए सुविधाएं एवं उचित मंच उपलब्ध कराने की। श्री खंडेलवाल के मुताबिक बैतूल जिले की खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने के लिए बैतूल को खेलों के हब रूप में विकसित कर खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर पर राष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए बैतूल में राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्पोर्ट्स कांप्लेक्स का निर्माण करवाया जा रहा है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री विशेष निधि से लगभग 5 करोड़ रुपए की लागत के राष्ट्रीय स्तर के क्रिकेट स्टेडियम और 100 रनिंग मीटर के 5 लेन वाले सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक का निर्माण होगा।
स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में होंगी यह सुविधाएं
श्री खंडेलवाल के मुताबिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में क्रिकेट, हॉकी, फुटबॉल, वालीबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, स्केटिंग, एथलेटिक्स सहित अन्य खेलों के लिए अत्याधुनिक खेल अधोसंरचना के कार्य करवाए जाएंगे। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनने के बाद बैतूल जिले की खेल प्रतिभाओं को स्थानीय स्तर पर उत्कृष्ट खेल सुविधाएं मिलने के साथ ही बैतूल जिले में राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जायेगा। जिससे बैतूल जिला राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर भी उभरेगा।

‘रामायण’ को पैन-इंडिया लेवल पर रिलीज करने की तैयारी
ममता का कत्ल: बेंगलुरु में बेटे ने असहाय मां की ली जान
सिर्फ एक फोन कॉल और बदल गया रास्ता: जम्मू-कश्मीर से मणिपुर जा रहा काफिला बंगाल पहुंचा
मध्य पूर्व में कूटनीति तेज: शहबाज की सऊदी से वार्ता, मुनीर ने ईरान में की बैठक
यूपी में गुटखा विज्ञापन पर कोर्ट सख्त, क्रिकेटरों की ब्रांडिंग पर उठे सवाल