श्यामजी यादव, नांदा (राष्ट्रीय जनादेश) (Betul Rural Development News)। वादें थे कि डबल इंजन की सरकार में चौतरफा विकास होगा, लेकिन इन वादों की हकीकत बैतूल जिले में समय-समय पर जगह-जगह देखी जा सकती है। जिले के ग्रामीण अंचलों में हालात यह है कि बुनियादी सुविधाएं तक उन्हें नसीब नहीं हो पा रही है, लग्जरी सुविधाओं की तो वे सोच तक नहीं पाते। किसी गांव तक पहुंचने के लिए यदि नदी पर एक पुलिया तक 40 सालों में नहीं बन पाए तो अंदाजा लगाया जा सकता है कि उस क्षेत्र के जनप्रतिनिधि विकास और अपने क्षेत्रवासियों को सुविधाएं मुहैया कराने को लेकर कितने चिंतित हैं। 

भैंसदेही विधानसभा के अंतर्गत विकासखंड भीमपुर में आने वाली ग्राम पंचायत बासिंदा का गांव भोधला खेड़ा भी बुनियादी सुविधाओं से महरूम एक बदनसीब गांव है। यह गांव 70 मकानों की बस्ती है और एक पहाड़ी पर बसा है। इस गांव को चारों ओर से लेड़दा नदी ने घेर कर रखा है। इस गांव में कोरकू समुदाय के लोग निवासरत हंै, जिनकी आबादी 471 के लगभग है। 

बारिश में टापू बन जाता है गांव 

ग्रामवासी दीपक बारस्कर, दिलीप, पवन ढिकारे, झीलाई बारस्कर, अलकेश बारस्कर, लक्ष्मण टांडिल पूर्व उप सरपंच, सहित अन्य लोगों ने बताया कि जैसे द्वारकाधीश गांव समुद्र से घिरा है, ऐसा ही हमारा गांव बारिश में लेड़दा नदी से घिर जाता है। यहां पर आवाजाही के लिए कोई साधन नहीं है। इस गांव के लोग बीते 40 सालों से एक पुलिया की मांग जनप्रतिनिधियों से कर रहे हैं, लेकिन आज तक किसी ने उनकी सुध नहीं ली। 

स्कूल भवन नहीं, ट्रांसफार्मर भी जला 

ग्रामीणों ने बताया कि हमारे गांव में स्कूल भवन भी नहीं है। एक छोटा सा रूम है, जहां पर 40 से 50 बच्चे पढ़ते हैं। पूर्व में एक स्कूल भवन शासन से स्वीकृत हुआ था जो आज तक अधूरा पड़ा है। इसी तरह हमारे गांव में नल जल योजना से भी आधे गांव को ही पानी मिलता है, आधे गांव को नहीं मिलता। नल जल योजना का ट्रांसफॉर्मर जल कर पड़ा है। इसे भी नहीं सुधारा जा रहा है। हम परेशानियों से जूझते हुए जिंदगी काट रहे हैं। 

अस्पताल तक नहीं ले जा सकते 

ग्रामीणों ने बताया कि अगर वर्षा ऋतु में किसी गर्भवती महिला को प्रसव पीड़ा होती है तो हम बेहद परेशान होते हैं। आने-जाने की कोई सुविधा ही नहीं है जिससे गर्भवती महिला या अन्य किसी मरीज को अस्पताल तक भी नहीं ले जा सकते। 

मिलने गए तो विधायक नहीं मिले 

ग्रामीणों के अनुसार हम एक माह पहले भैंसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान को यह समस्या बताने गए थे, लेकिन विधायक ने समय  नहीं दिया। उनका पीए मिला और हमने उसको ही पूर्व मंडल अध्यक्ष भूरा यादव, सरपंच श्यामलाल ईरपाचे के साथ समस्या सुनाई गई। हालांकि समस्या निराकरण के लिए अभी तक कोई पहल नहीं हुई है। ग्रामीणों ने सांसद तथा केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उईके, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, क्षेत्रीय विधायक महेंद्र सिंह चौहान, कलेक्टर बैतूल, जनपद अध्यक्ष भैयालाल ईरपाचे से गांव के लिए पुलिया बनाने की मांग की है।