Betul road accident 2025: बैतूल में नशा और रफ्तार बन रहे मौत का कारण, इस साल अब तक गई 395 जानें
बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश) (Betul road accident 2025)। रफ्तार के प्रति दीवानागी और नियम कायदों को ताक पर रख कर वाहन चलाए जाने का ही नतीजा है जिले की सड़कों पर साल भर खून बह रहा है। तमाम प्रयासों के बावजूद सड़क हादसों और इनमें जाने वाली जानों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले पूरे साल में सड़क हादसों में जितनी मौतें हुई थीं, उससे ज्यादा मौतें इस साल जनवरी से अभी तक हो चुकी है। वहीं साल पूरा होने तक यह आंकड़ा 400 से भी ऊपर जाने की पूरी आशंका है।
जिले भर में पिछले साल (वर्ष 2024 में) कुल 925 सड़क दुर्घटनाएं हुई थीं। इन दुर्घटनाओं में 940 लोग घायल हुए थे, वहीं 352 लोगों की मौत हुई थी। इससे पहले की स्थिति देखें तो वर्ष 2023 में 918 हादसों में 286 मौतें और 1108 लोग घायल हुए थे। वहीं वर्ष 2022 में 964 हादसों में 378 लोगों की मौत हुई थी वहीं 900 लोग घायल हुए थे। वहीं इस साल की स्थिति देखें तो इस साल पिछले 3 सालों के मुकाबले ज्यादा गंभीर हालात हैं।
इस साल की यह है स्थिति
इस साल 1 जनवरी से 30 नवंबर तक की अवधि में ही 994 सड़क हादसे हो चुके हैं। जिनमें 383 लोगों की मौत हो चुकी है वहीं 990 लोग घायल हो चुके हैं। इसके बाद दिसंबर महीने की स्थिति देखें तो इस महीने भी हादसों का दौर लगातार जारी है। इस साल आज तक की स्थिति में 12 लोगों की मौत हो गई है वहीं 17 लोग घायल हुए हैं। अंदेशा जताया जा रहा है कि यह साल खत्म होते-होते यह आंकड़ा काफी बढ़ जाएगा।
मोटर साइकिल से सबसे ज्यादा हादसे
पुलिस का रिकॉर्ड बताता है कि सबसे ज्यादा हादसों का शिकार मोटर साइकिल सवार होते हैं। इस साल मोटर साइकिल के 659 एक्सीडेंट हुए जिनमें 244 लोगों की मौत हुई और 485 घायल हुए। आटो से 3 एक्सीडेंट में 1 की मौत और 3 घायल, बस-बस या बस-डंपर के 9 एक्सीडेंट में 50 घायल, कार और अन्य वाहनों के 39 एक्सीडेंट में 6 की मौत और 47 घायल, ट्रैक्टर के 23 एक्सीडेंट में 16 की मौत और 13 घायल तथा अन्य वाहनों द्वारा राहगीरों को टक्कर मारने के 113 हादसों में 38 मौतें और 47 लोग घायल हुए हैं।
शराब के नशे में सबसे ज्यादा एक्सीडेंट
सबसे ज्यादा हादसे शराब के नशे में वाहन चलाने से होते हैं। इनके अलावा हेलमेट नहीं पहनने, तेज रफ्तार में वाहन चलाने, अप्रशिक्षित लोगों द्वारा वाहन चलाने से भी बड़ी संख्या में हादसे होते हैं। कई लोग यातायात नियमों का जरा भी पालन नहीं करते। ऐसे में वे खुद तो दुर्घटनाग्रस्त होते ही है, दूसरों को भी खतरे में डाल देते हैं।
पुलिस कार्रवाई का भी असर नहीं
हादसों को टालने के लिए यातायात पुलिस जागरूक करने के साथ ही चालानी कार्रवाई भी करती है, लेकिन इन सबका भी कोई असर वाहन चालकों पर नहीं होता। वर्ष 2025 में नवंबर तक यातायात पुलिस ने कुल 18028 चालान बनाकर 6460626 रुपये का समन शुल्क वसूला है। इनमें हेलमेट के 9837 और 3 सवारी बिठाने वालों के 162 चालान बनाए गए हैं।
लगातार करते रहते हैं जागरूक: यातायात प्रभारी
इस संबंध में यातायात शाखा प्रभारी गजेंद्र केन बताते हैं कि जागरूक करने के लिए स्कूलों में जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। नुक्कड़ नाटकों का भी सहारा लिया जाता है। सोशल मीडिया पर भी प्रचार-प्रसार किया जाता है। चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर परिशोधन कार्य कराया जाकर मॉर्किंग कराई गई और स्ट्रीट लाइट भी लगवाई गई है। इनके अलावा नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरूद्ध चालानी कार्रवाई भी समय-समय पर की जाती है।
भीषण हादसा: अज्ञात वाहन की टक्कर से 2 युवकों की मौत, एक युवक घायल

बैतूल जिला मुख्यालय पर बीती रात एक और भीषण हादसा हो गया। इस हादसे में 2 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल है। हादसा कोतवाली थाना अंतर्गत बैतूल-परासिया स्टेट हाईवे पर चिखलार ग्राम के पास हुआ। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार रात करीब 9 बजे के लगभग अज्ञात वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। यह हादसा इतना भीषण था कि बाइक पर सवार युवकों में से दो की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों में मुकेश पिता गुलाब वरवड़े उम्र 30 वर्ष और मुकेश पिता पतंग चौकीकर उम्र 32 वर्ष, दोनों निवासी लोहिया वार्ड बैतूल शामिल हंै।
तीसरा युवक रविकुमार इवने इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ है। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल बैतूल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। इस हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की डायल 112 टीम और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां डॉक्टर ने दोनों युवकों को मृत घोषित कर दिया। आज दोनों मृतकों का पोस्टमार्टम करने के बाद शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

डिजिटल जनगणना पोर्टल पर बड़ी चूक: अरुणाचल का 'पासीघाट' दिखा चीन का हिस्सा, तकनीकी सुधार जारी
बादाम ने दिलाई याद: हाउसिंग बोर्ड के दो अधिकारियों पर गिरी गाज, मुख्यालय किए गए अटैच।
डोंबिवली के पास खाली ट्रेन पटरी से उतरी, सेवाएं आंशिक रूप से प्रभावित
भारत-दक्षिण कोरिया मैत्री: राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति ली जे म्योंग का औपचारिक स्वागत
भोपाल में भाजपा की 'महिला आक्रोश रैली': विपक्षी दलों के खिलाफ सीएम मोहन यादव ने भरी हुंकार
आध्यात्मिक रंग में रंगे विराट-अनुष्का, वृंदावन में किया दर्शन-पूजन