नांदा (राष्ट्रीय जनादेश) (Health Department Building Scam)। सरकारी निर्माण कार्यों में भ्रष्टाचार चरम पर होता है। ठेकेदार हो या मॉनीटरिंग करने वाले अधिकारी, सभी की कोशिश यही रहती है कि स्वीकृत राशि में से ज्यादा से ज्यादा पैसा बचा लिया जाएं और काम पूरा करने कीबस रस्म अदायगी कर दी जाए। यही कारण है कि अधिकांश सरकारी निर्माण कार्य सालों क्या महीनों तक भी नहीं टिक पाते हैं। भ्रष्टाचार का ऐसा ही एक नमूना इन दिनों भीमपुर ब्लॉक के तहत आने वाली ग्राम पंचायत कासमारखंडी मुख्यालय देखा जा रहा है। 

यहां पर स्वास्थ्य विभाग की बिल्डिंग बन रही है। इसकी लागत 25 लाख के ऊपर बताई जा रही है, लेकिन यहां जिस तरह से काम हो रहा है, उसे देखकर लोग यही कहते हुए नजर आ रहे हैं कि यह बिल्डिंग 2 साल के बाद ही टपकने लग जाएगी। इसकी वजह यह बताई जा रही है कि नियमों के विपरीत इस बिल्डिंग में कुछ ईंटे जहां कच्ची लगा दी गई है और दूसरी ओर पूरी काली और मिट्टी वाली रेता का उपयोग ठेकेदार द्वारा बिना छन्ना लगाए ही किया जा रहा है। निर्माण में रेत ज्यादा और सीमेंट कम उपयोग किया जा रहा है। इस संवाददाता ने जब इस बारे में जानकारी ली तो ठेकेदार के मजदूरों का साफ कहना था कि हमको जैसा ठेकेदार बोलता है, हम वैसा ही करेंगे। हमारी इसमें कोई गलती नहीं है। गुणवता अच्छी है या नहीं हैं, हमें इसका कोई पता नहीं है। 

गुणवत्ता पर पड़ा है खासा असर 

अच्छी रेत का उपयोग नहीं होने के कारण पूरी बिल्डिंग बेहद कमजोर बनी है। इसकी गुणवत्ता बेहद घटिया  किस्म की है। ठेकेदार मौके का फायदा उठाकर पूरा काम मिट्टी वाली रेत से कर रहा है। वह नदी-नालों की रेत निकालकर सीधे लगा दे रहा है। यह रेत बिना रायल्टी की और क्षेत्र से चोरी से उठाई गई है। 

कलेक्टर से तत्काल जांच की मांग 

इस मामले में कासमारखंडी के मेंबर तथा पूर्व जनपद सदस्य हरि और वर्तमान जनपद सदस्य बब्बू पदम ने कलेक्टर से यह बिल्डिंग तत्काल जांच की मांग की है। उनका कहना है कि यह बिल्डिंग स्वास्थ्य विभाग की है, इसलिए सीधे जनता से जुड़ा मामला है। उनका यह कहना भी है कि यह काम कोई धुर्वे इंजीनियर करा रहे हैं। वे किसी भी जनप्रतिनिधि का फोन नहीं उठाते हैं। दूसरी ओर आला अधिकारी भोपाल में बैठते हैं। ऐसे में हमारी कलेक्टर से मांग है कि संबंधित इंजीनियर पर कार्रवाई की जाएं तथा घटिया किस्म की रेत का उपयोग करवा कर गुणवत्ता के साथ यह बिल्डिंग बनवाई जाएं।