बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश) (mutual fund fraud)। सारणी पुलिस ने म्यूचुअल फंड और ट्रैडिंग के जरिए रुपये दोगुना करने का लालच देकर लोगों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने 5 लोगों से 60 लाख रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी की है। 

पुलिस ने बताया कि 13 दिसंबर को फरियादी शंकरराव पिता यशवंतराव हुरमाड़े, उम्र 65 साल, निवासी पाथाखेड़ा ने रिपोर्ट की थी कि कैलाश पिता राधेकिशन खाड़े उम्र 35 साल निवासी शांतिनगर सारणी ने उन्हें म्यूचुअल फंड एवं ट्रैडिंग से रुपये दोगुना करने का झांसा देकर धोखाधड़ी कर फरियादी से 21 लाख 60 हजार रूपये लिये है। इनके अलावा गजानंद झरबड़े निवासी पाथाखेड़ा के 850000 रुपये, कृष्णाराव गवांडे निवासी मुलताई के 11 लाख रुपये, अनिल विश्वकर्मा के करीब 18 लाख रुपये एवं विजय डोगरे निवासी सारणी के 04 लाख 13 हजार रुपये उसने छलपूर्वक धोखाधड़ी कर ले लिये हैं।

आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज 

इस प्रकार आरोपी ने लोगों से कुल 60 लाख 70 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई। रिपोर्ट पर थाना सारणी में धारा 318 (4), 316 (2) बीएनएस के तहत अपराध कायम कर विवेचना में लिया गया। प्रकरण में विवेचना के दौरान आरोपी कैलाश खाड़े की तलाश हेतु सारणी पुलिस द्वारा टीम गठित कर आरोपी को जिला इंदौर से गिरफ्तार किया गया। 

आरोपी इस तरह करता था धोखाधड़ी

आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह लोगों से लाखों रुपये लेता है एवं डबल मुनाफा का झांसा देकर म्यूचुअल फंड एवं ट्रैडिंग करने और ऑनलाईन गेम खेलकर उससे पैसे कमाता था। उन पैसे को अपने खाते से निकालकर खर्च कर देता। आरोपी म्यूचुअल फंड फर्जी पॉलिसी बनाकर देकर उनका विश्वास जीतकर अपने खाते में रुपये डलवा लेता था।

पौने 6 करोड़ रुपये का ट्रांजेक्शन 

आरोपी कैलाश खाड़े के खाते की जानकारी लेने पर उसके खाते से 5 करोड़ 73 लाख 55 हजार रुपये का ट्रांजेक्शन होना पाया गया। आरोपी  से बारीकी से पूछताछ की जा रही है। प्रकरण में कूटरचना एवं फर्जी दस्तावेज बनाकर उपयोग करने से धारा 338, 336(3), 340 बीएनएस का इजाफा भी किया गया है। प्रकरण में अन्य लोगों की गिरफ्तारी होने की भी संभावना है। अन्य खातों की जानकारी भी ली जा रही है। 

प्रकरण में इनकी रही मुख्य भूमिका 

इस प्रकरण में थाना प्रभारी जयपाल इनवाती, उप निरीक्षक नितिन उईके, प्रधान आरक्षक श्रीराम उईके, किशनलाल सेलू, आरक्षक सुभाष मंडलोई की विशेष भूमिका रही।