MP Board Exam 2025: बोर्ड परीक्षा में कम हो गए परीक्षार्थी, इस साल शामिल होंगे महज 34278, बनाए जाएंगे 127 केंद्र
बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश) (MP Board Exam 2025)। कक्षा 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा इस साल 127 केंद्रों पर होगी। इनमें 4 केंद्र अति संवेदनशील और 7 केंद्र संवेदनशील श्रेणी में शामिल किए गए हैं। इस बार दोनों ही कक्षाओं की परीक्षाओं में बीते साल से कम परीक्षार्थी शामिल होंगे। बोर्ड परीक्षा 11 फरवरी से शुरू हो जाएगी।
शिक्षा विभाग द्वारा सत्र 2025-26 की बोर्ड परीक्षा की तैयारियां शुरू कर दी गई है। बोर्ड परीक्षा के लिए परीक्षा केंद्र तय कर दिए गए हैं। इन प्रस्तावित केंद्रों की सूची बोर्ड को भिजवा दी गई है। इन्हें जल्द ही अनुमति मिलने की संभावना जताई जा रही है। इस साल 127 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित करने का प्रस्ताव भिजवाया गया है। बीते साल 126 केंद्रों पर बोर्ड परीक्षा का आयोजन हुआ था।
छह परीक्षा केंद्र कम हुए, सात बढ़े
बोर्ड को जो प्रस्ताव भिजवाया गया है, उसमें बीते साल के 6 केंद्र कम कर दिए हैं, जबकि 7 केंद्र नए बनाए गए हैं। कम किए गए केंद्रों में मॉडल शाहपुर, कन्या शाला भौंरा, चूड़िया, कन्या शाला सारणी, एनबीएचएस कोठीबाजार बैतूल और उच्चतर माध्यमिक विद्यालय महतपुर शामिल हैं। इसी तरह नए बनाए गए केंद्रों में कन्या उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय शाहपुर, बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भौंरा, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हरदू, गुरूनानक स्कूल आमला, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चूनालोहमा, ब्रोनिक्स स्कूल बैतूल बाजार और गर्ग कॉलोनी हाईस्कूल बैतूल शामिल हैं।
पिछले साल के मुकाबले परीक्षार्थी कम
इस बार पिछले साल के मुकाबले परीक्षार्थियों की संख्या में खासी कमी आई है। बीते साल 10वीं और 12वीं की परीक्षा में 37300 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। वहीं इस साल 34278 परीक्षार्थी ही इन परीक्षाओं में शामिल होंगे। इस तरह पिछले साल के मुकाबले 3022 परीक्षार्थी इस साल कम शामिल होंगे।
जिले के 11 परीक्षा केंद्र संवेदनशील
जिले के 11 केंद्र अति संवेदनशील और संवेदनशील श्रेणी में शामिल किए गए हैं। जिन 4 केंद्रों में स्वाध्यायी परीक्षार्थी शामिल होंगे, उन्हें अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इनमें कृषि बैतूल बाजार, गर्ग कॉलोनी बैतूल, एमएलबी बैतूल और हाईस्कूल सदर बैतूल शामिल हैं। वहीं संवेदनशील श्रेणी में कावला, बालक भैंसदेही, कन्या भैंसदेही, कन्या चिचोली, उत्कृष्ट भीमपुर, चीरापाटला और गुरवा पिपरिया आदि 7 केंद्र शामिल किए गए हैं। इन केंद्रों पर एक-चार की गार्ड तैनात रहेगी।
कब से शुरू होगी बोर्ड परीक्षा
इस सत्र की बोर्ड परीक्षा फरवरी माह में शुरू होगी। कक्षा 10वीं की परीक्षा 11 फरवरी से शुरू होगी और 2 मार्च तक चलेगी। वहीं कक्षा 12वीं की परीक्षा 7 फरवरी से शुरू होगी और 5 मार्च तक चलेगी। दोनों ही कक्षाओं की परीक्षाओं का समय सुबह 9 से 12 बजे तक रहेगा।
फैक्ट फाइल
- सत्र 2025-26 की हाईस्कूल परीक्षा में 18821 नियमित और 913 स्वाध्यायी इस तरह कुल 19734 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
- सत्र 2025-26 की हायर सेकेंडरी परीक्षा में 13250 नियमित और 1294 स्वाध्यायी इस तरह कुल 14544 परीक्षार्थी शामिल होंगे।
- सत्र 2024-25 की हाईस्कूल परीक्षा में 19723 नियमित और 1226 स्वाध्यायी इस तरह कुल 21019 परीक्षार्थी शामिल हुए थे।
- सत्र 2024-25 की हायर सेकेंडरी परीक्षा में 13695 नियमित और 1586 स्वाध्यायी इस तरह कुल 16281 परीक्षार्थी शामिल हुए थे।
इनका कहना....
इस संबंध में शिक्षा विभाग के योजना अधिकारी सुबोध शर्मा का कहना है कि बोर्ड परीक्षा की तैयारियां शुरू कर दी गई है। प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची बोर्ड को भिजवा दी है। इन पर जल्द ही अनुमोदन मिलने की संभावना है। 4 केंद्र अति संवेदनशील और 7 केंद्र संवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं।

Fire Brigade Misuse Betul: दमकलों का दुरुपयोग: खेतों की आग में उलझी फायर ब्रिगेड, शहर की सुरक्षा पर खतरा
राशिफल 15 अप्रैल 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
बिलासपुर से अयोध्या धाम के लिए स्पेशल ट्रेन रवाना, 850 तीर्थ यात्रियों को मिलेगा काशी-विश्वनाथ दर्शन का अवसर
उत्कृष्ट गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से रोशन हो रहा प्रदेश का भविष्य : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
धमतरी में ‘STREE’ परियोजना का शुभारंभ: 300 ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा आत्मनिर्भरता का नया रास्ता