बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश) (Betul Panchayat Recovery)। जिले की ग्राम पंचायतों में गड़बड़ी और अनियमितताओं के आए दिन मामले सामने आते हैं। इनमें से कई मामलों में शिकायतें भी होती हैं और जांच में गड़बड़ी पाई भी जाती है। इसके बाद जिला पंचायत वसूली की कार्रवाई शुरू करती है, लेकिन यह कार्य बेहद धीमी रफ्तार से चलता है। स्थिति यह है कि वर्तमान में जिले की 198 ग्राम पंचायतों से 7 करोड़ 73 लाख रुपये वसूल करना है। इसमें से बड़ी राशि 8 साल पहले की भी है। 

विभिन्न ग्राम पंचायतों से कई तरह की शिकायतें अफसरों तक पहुंचती है। इनमें कार्यों पर अधिक राशि खर्च बताना, बिना कार्य कराए राशि का आहरण करना, गुणवत्ताविहीन कार्य, योजनाओं में गड़बड़ी सहित अन्य कई तरह के आरोप होते हैं। शिकायतों पर जांच कराई जाती है और आरोप सही पाए जाने पर जिला पंचायत द्वारा मध्यप्रदेश पंचायत राज एवं ग्राम स्वराज अधिनियम 1993 की धारा 92/89 के तहत कार्रवाई की जाती है। इसमें दोषी सरपंच और सचिव से यह राशि वसूल की जाती है। 

राशि वसूली की यह प्रक्रिया शुरू तो हो जाती है, लेकिन अंजाम तक नहीं पहुंच पाती है। यही कारण है कि आज भी जिले की 198 पंचायतों से 7 करोड़, 73 लाख, 33 हजार, 904 रुपये की राशि वसूलना बाकी है। आश्चर्य की बात यह है कि इसमें से कई प्रकरण वर्ष 2017-18 के हैं। उस वर्ष शुरू हुई कार्रवाई में आज तक भी पूरी वसूली नहीं हो सकी है। इसके अलावा उसके बाद के भी प्रकरण हैं। 

सबसे ज्यादा वसूली इन ब्लॉकों में 

इस राशि में सबसे ज्यादा राशि चिचोली ब्लॉक की पंचायतों से वसूल करना है। यहां 24 ग्राम पंचायतों से 1 करोड़, 59 लाख, 5 हजार, 493 रुपये वसूल किया जाना है। इसके बाद भीमपुर ब्लॉक की 40 ग्राम पंचायतों से 1 करोड़, 29 लाख, 29 हजार, 188 रुपये वसूल किया जाना है। अन्य ब्लॉकों में भी पंचायतों से वसूली की जाना है। 

इतनी पंचायतों के प्रकरण नस्तीबद्ध 

इसके विपरीत कुछ पंचायतें ऐसी भी हैं जिनके द्वारा अधूरे कार्य पूरे कर दिए हैं या राशि जमा कर दी हैं। ऐसे में इनके वसूली प्रकरण नस्तीबद्ध कर दिए गए हैं। इनके अलावा कुछ पंचायतें ऐसी हैं जिनके द्वारा कुल राशि में से कुछ राशि जमा कराई गई है। गौरतलब है कि 254 ग्राम पंचायतों के विरूद्ध यह कार्यवाही शुरू की गई थी। 

कितनी पंचायतों पर कितनी राशि बाकी 

  • विकासखंड आमला में 11 पंचायतों पर 4454932 की राशि बाकी है। 
  • विकासखंड आठनेर में 29 पंचायतों पर 6190670 की राशि बाकी है। 
  • विकासखंड बैतूल में 23 ग्राम पंचायतों पर 9890798 रुपये की राशि बाकी है। 
  • विकासखंड भैंसदेही में 37 ग्राम पंचायतों पर 8783058 रुपये की राशि बाकी है। 
  • विकासखंड भीमपुर में 40 पंचायतों पर 12929188 रुपये की राशि बाकी है। 
  • विकासखंड चिचोली में 24 पंचायतों पर 15905493 रुपये की राशि बाकी है।  
  • विकासखंड मुलताई में 04 पंचायतों पर 6206217 रुपये की राशि बाकी है। 
  • विकासखंड प्रभातपट्टन में 10 पंचायतों पर 5202393 रुपये की राशि बाकी है। 
  • विकासखंड शाहपुर में 11 पंचायतों पर 4678454 रुपये की राशि बाकी है। 
  • विकासखंड घोड़ाडोंगरी में 09 पंचायतों पर 3092701 रुपये की राशि बाकी है। 

Read Also: IAS संतोष वर्मा के बयान पर हर्षा रिछारिया का तीखा जवाब