बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश) (CM Monit Scheme Sports)। विधायक और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल हर वर्ग को अधिक से अधिक सुविधाएं दिलाने के साथ ही क्षेत्र को बड़ी सौगातें दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं। चाहे आम आदमी हो या किसान वे हर किसी की जरुरतों का ध्यान रख रहे हैं। इसी तारतम्य में अब उन्होंने खिलाड़ियों को भी एक बड़ी सौगात दी है। यह सौगात एक सर्व सुविधा युक्त क्रिकेट स्टेडियम और 5 लेन के 100 आरएमटी सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक के रूप में मिलने वाली है। 

विधायक हेमंत खंडेलवाल द्वारा सीएम मॉनिट योजना के तहत खेलों के क्षेत्र में यह बड़ी सौगात दिलाई गई है। उनके प्रयासों से इस योजना के तहत 4 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से बैतूल शहर में एक बड़ा क्रिकेट स्टेडियम बनाया जाएगा। यह स्टेडियम नेहरू युवा केंद्र के पीछे बनाया जाएगा। 

इसके अलावा दूसरा बड़ा कार्य पुलिस ग्राउंड पर कराया जाएगा। यहां पर 100 आरएमटी सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक बनाया जाएगा। यह ट्रैक 5 लेन का बनेगा। इससे खिलाड़ियों को बड़ी सहूलियत होगी। खिलाड़ियों द्वारा लंबे समय से इसकी मांग भी की जा रही थी। अब उनकी यह मांग पूरी होने वाली है। 

इसी तरह एक सर्वसुविधायुक्त क्रिकेट स्टेडियम की कमी भी शहर में महसूस की जा रही थी। यह स्टेडियम भी अब शहर में बन जाएगा। जिससे शहर में बड़े स्तर के क्रिकेट आयोजन भी आसानी से किए जा सकेंगे।

बताया जाता है कि दशकों पहले बने लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम का भी जल्द विस्तार किए जाने की योजना है। नगर पालिका परिषद द्वारा स्टेडियम विस्तार का कार्य पीपीपी मॉडल पर किए जाने की तैयारी है। इन सभी से शहर में स्तरीय खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

राशि की स्वीकृति मिलने के पश्चात नगर पालिका द्वारा भी कार्यवाही शुरू कर दी गई है। नगर पालिका ने इन दोनों ही कार्यों की स्वीकृति और डीपीआर की तकनीकी स्वीकृति के लिए नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग भोपाल के आयुक्त और कार्यपालन यंत्री को प्रस्ताव भिजवा दिया है। जल्द ही यह स्वीकृति मिलने की संभावना जताई जा रही है।