MP crime news: देवास-सीहोर से आकर पवन चक्की से चुराए केबल और उपकरण; पुलिस ने दो को दबोचा, तीन आरोपी फरार
भैंसदेही (राष्ट्रीय जनादेश) (MP crime news)। जिले के भैंसदेही थाना क्षेत्र में खामला में स्थित पवन चक्की से केबल और इलेक्ट्रॉनिक सामान चुराने वाले 2 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों से 5 लाख 20 हजार रुपये का चोरी का सामान जब्त किया गया है। तीन आरोपी अभी फरार है। चोरी के लिए जिस कार का उपयोग हो रहा था उस पर राष्ट्रीय गुर्जर स्वाभिमान मध्यप्रदेश की नेम प्लेट लगी है। आरोपियों में इस संगठन का जिला अध्यक्ष भी शामिल है, जो कि फरार होने में सफल रहा।
पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने पत्रकार वार्ता में मामले का खुलासा करते हुए बताया कि 7 दिसंबर को गश्त के दौरान सूचना मिली कि ग्राम खामला में स्थित पवन चक्कियों में से केबल एवं इलेक्ट्रॉनिक समान की चोरी अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर ली है। सूचना पर मौके पर पहुंच कर उप निरीक्षक आशीष कुमरे ने सुपरवाईजर रमेश पिता उदयराज सनबारे उम्र 31 साल निवासी ग्राम खामला से पूछताछ की।
उन्होंने बताया कि ग्राम खामला स्थित पवन चक्कियों से ताला तोड़ कर केबल एवं इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी किया गया है। आरोपियों के संबंध में पुलिस ने आसपास पूछताछ की तो पता चला कि थोड़े समय पहले घटना स्थल के पास एक काले रंग की बिना नंबर प्लेट की महिंद्रा एक्सयूवी 300 गाड़ी बार-बार आ रही थी।

तत्काल बुलवाया गया अतिरिक्त बल
इस पर तत्काल थाने का अतिरिक्त बल बुला कर अलग-अलग तीन टीमों द्वारा उक्त वाहन की तलाश की गई। यह गाड़ी कौड़िया जोड़ पर मिली, जिसे घेराबंदी कर रोका गया। वाहन में चालक संजय गुर्जर और लाखन गुर्जर बैठे मिले। तलाशी लेने पर वाहन में केबल एवं इलेक्ट्रॉनिक सामान रखा मिला।
इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
पुलिस ने वाहन में मौजूद लाखन पिता नकदीराम गुर्जर उम्र 32 साल निवासी समसखेड़ी जिला देवास और संजय पिता चंदर सिंह गुर्जर उम्र 32 साल निवासी धावलराय जिला सीहोर को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि वे अपने साथियों अमन गुर्जर (जिला अध्यक्ष श्री राष्ट्रीय गुर्जर स्वाभिमान मध्यप्रदेश), बीरबल गुर्जर और बलराम गुर्जर के साथ चोरी करने के लिए पवन चक्की खामला आए थे।
गाड़ी पर लगी है जिला अध्यक्ष की नेम प्लेट
आरोपी जिस वाहन से चोरी का माल ले जा रहे थे, उस पर भी श्री राष्ट्रीय गुर्जर स्वाभिमान मध्यप्रदेश के जिला अध्यक्ष की नेम प्लेट लगी है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने अन्य जिलों में भी चोरी की वारदात की है। फरार आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा।
आरोपियों से इतना माल बरामद
पुलिस ने आरोपियों से 5 लाख 20 हजार कीमत का पवन चक्कियों में लगी इलेक्ट्रॉनिक केबल एवं अन्य सामान तथा 4 लाख 20 हजार कीमत का घटना में प्रयुक्त बिना नंबर का एसयूवी वाहन जब्त कर लिया है। इस कार्रवाई में निरीक्षक राजेश सातनकर, उप निरीक्षक आशीष कुमरे, सहायक उप निरीक्षक महेश कुमार, आरक्षक मनोज, सोनू, तनवीर, नरेंद्र और नारायण की मुख्य भूमिका रही।

राशिफल 15 अप्रैल 2026: जानिए आज का दिन आपके लिए कैसा रहेगा
बिलासपुर से अयोध्या धाम के लिए स्पेशल ट्रेन रवाना, 850 तीर्थ यात्रियों को मिलेगा काशी-विश्वनाथ दर्शन का अवसर
उत्कृष्ट गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से रोशन हो रहा प्रदेश का भविष्य : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
धमतरी में ‘STREE’ परियोजना का शुभारंभ: 300 ग्रामीण महिलाओं को मिलेगा आत्मनिर्भरता का नया रास्ता
केरल के मुख्य सचिव डॉ. ए. जयतिलक का छत्तीसगढ़ दौरा