Betul child recovered: सकुशल मिल गई अपहृत बालिका, परिजनों ही नहीं पुलिस ने भी ली राहत की सांस
मुलताई (राष्ट्रीय जनादेश) (Betul child recovered)। मुलताई थाना क्षेत्र के एक गांव से रविवार को अपहृत की गई 6 साल की बालिका को पुलिस ने आखिरकार ढूंढ निकाला है। अपहृत बालिका महाराष्ट्र के ट्यूशा गांव से बरामद की गई है। हालांकि अभी आरोपी फरार है। उसकी तलाश में पुलिस जुटी है। बालिका की तलाश में मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र की 14 पुलिस टीमें जुटी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी और एसपी भी बालिका के परिजनों से मिले थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र सीमा पर स्थित मुलताई थाना क्षेत्र के गांव खड़का जामगांव के निवासी अनिल पिता जंगलू कुशराम ने मुलताई थाना क्षेत्र से एक 6 वर्षीय बालिका का अपहरण रविवार को कर लिया था। शाम 6 बजे के लगभग बालिका जब घर के सामने खेल रही थी, आरोपी उसे मोटर साइकिल पर बिठाकर ले गया था। परिजनों ने घर लौटने पर तलाश की, लेकिन बालिका के नहीं मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई।

आरोपी पर दर्ज है यह गंभीर मामले
पुलिस के मुताबिक आरोपी महाराष्ट्र के अमरावती की जेल से कुछ दिन पहले ही पैरोल पर छूटा था। उस पर पूर्व में हत्या, दुष्कर्म और चोरी जैसे मामले दर्ज हैं। इन गंभीर मामलों में उसे सजा हो चुकी है।
आईजी-डीआईजी पहुंचे बालिका के गांव
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आरोपी एवं बालिका की खोजबीन में मुस्तैदी से जुट गई थी। नर्मदापुरम रेंज के आईजी मिथलेश कुमार शुक्ला, डीआईजी प्रशांत खरे, एसपी वीरेंद्र जैन और एएसपी कमला जोशी भी सोमवार को अपहृत बालिका के गांव पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को तत्परता से खोजबीन करने के निर्देश दिए थे।
महाराष्ट्र की भी चार टीमें थीं एक्टिव
मुलताई थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि पुलिस की टीमें रात से ही तलाश कर रही थी। महाराष्ट्र की स्थानीय अपराध शाखा के साथ ही चार थाना क्षेत्रों की पुलिस टीम बेनोडा, मोर्शी, वरूड़ समेत अन्य संभावित स्थानों पर उसकी तलाश कर रही थी। इधर बैतूल जिले की भी 10 टीमें अलग-अलग क्षेत्रों में आरोपित और बालिका को खोज रही थी।
महाराष्ट्र में मिल गई अपहृत बालिका
एसपी वीरेंद्र जैन ने 'राष्ट्रीय जनादेश' से चर्चा में बताया कि अपहृत की गई बालिका महाराष्ट्र में मिल गई है। बालिका महाराष्ट्र के मोर्शी से 30 किलोमीटर आगे ट्यूशा गांव से बरामद की गई है। बालिका पूरी तरह से सकुशल है। हालांकि अभी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। पुलिस आरोपी की तलाश में भी जुटी है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी भी कर ली जाएगी।
ऐसे मिला बालिका का सुराग
दरअसल, महाराष्ट्र के तिवसा थाना के प्रभारी गोपाल उपाध्याय अपने स्टाफ के साथ अपहृत बालिका और संदिग्ध आरोपी की तलाश कर रहे थे। शाम को लगभग 5 बजे उन्हें होलकर चौक तिवसा निवासी नंदलाल गंधे से सूचना मिली कि लगभग 25-30 साल का एक युवक निम्भोरा देलवाड़ी निवासी मारोती पुनसे के खेत पर काम मांगने या देखने आया है। शक बढ़ने पर श्री उपाध्याय अपने स्टाफ के साथ तुरंत वहां पहुंचे और अपहृत बालिका को सुरक्षित पाया। लेकिन, इससे पहले आरोपी को शक हुआ और वह वहां से भाग गया। बालिका सुरक्षित है और तिवसा पुलिस और स्थानीय अपराध शाखा आरोपी की सरगर्मी से तलाश कर रही है।

मोनालिसा लापता: पति फरमान ने वीडियो जारी कर लगाई मदद की गुहार
ट्रंप के बयान से दहला बाजार: सेंसेक्स 1600 अंक लुढ़का, निफ्टी भी बड़ी गिरावट में
भोपाल से पाकिस्तान तक गिद्ध की उड़ान: 7 दिन में 1274 KM का सफर, जानें क्यों छोड़ा गया
होर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी नाकाबंदी शुरू, जहाजों की आवाजाही ठप—तेल-गैस संकट गहराने के आसार
रूह कंपा देने वाला खुलासा: पलंग के अंदर मिली महिला डांसर की सड़ी-गली लाश, बदबू से हड़कंप
कर्नाटक में सियासी हलचल तेज: कैबिनेट फेरबदल या CM बदलने पर दिल्ली में मंथन