आईजी-एसपी पहुंचे गांव, दस टीमें कर रहीं दो राज्यों में अपहृता की तलाश 

बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश) (Betul child kidnapping)। ऐसा लग नहीं रहा कि जिले में अपराधियों को पुलिस का जरा भी खौफ हो। यही वजह है कि आए दिन जिले भर में एक से बढ़कर एक संगीन वारदातें हो रही हैं। इसी कड़ी में अब पैरोल पर छूटे एक बदमाश ने मुलताई थाना क्षेत्र के एक गांव से 6 साल की मासूम बच्ची का अपहरण कर लिया। मामले की गंभीरता देखते हुए स्वयं आईजी पीड़िता के गांव पहुंचे। वहीं पुलिस की 10 टीमें मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र में बालिका की तलाश में जुटी है। 

प्राप्त जानकारी के अनुसार महाराष्ट्र बॉर्डर पर स्थित मुलताई थाना क्षेत्र के गांव खड़गिया जामगांव का निवासी अनिल कुशराम काफी समय से जेल में बंद था। वह रविवार को ही पैरोल पर जेल से छूटा था। जेल से छूटते ही उसने एक और संगीन वारदात को अंजाम दे दिया। आरोपी ने एक 6 वर्षीय बालिका का अपहरण कर लिया है। उसके खिलाफ महाराष्ट्र में भी एक बालिका के अपहरण का मामला दर्ज है। आरोपी आदतन अपराधी बताया जा रहा है। 

आईजी पहुंचे गांव, परिजनों से मिले 

इस गंभीर मामले की सूचना मिलने पर नर्मदापुरम रेंज के आईजी मिथिलेश कुमार शुक्ला आज खुद पीड़िता के गांव पहुंचे। उनके साथ बैतूल एसपी वीरेंद्र जैन भी थे। आईजी और एसपी ने परिजनों से चर्चा कर घटना की जानकारी ली और पुलिस टीमों को हरसंभव प्रयास करने के निर्देश दिए।

पुलिस चला रही तलाशी अभियान 

बालिका की तलाश के लिए 10 टीमें बनाई गई हैं। मुलताई और आठनेर थाना क्षेत्र के साथ-साथ महाराष्ट्र के वरुड, मोर्शी और बैनोडा क्षेत्र में भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। मुलताई टीआई नरेंद्र परिहार टीम के साथ वरुड़ क्षेत्र में सर्चिंग ऑपरेशन में जुटे हैं। आठनेर पुलिस भी आसपास के जंगलों और गांवों में तलाशी कर रही है। 

एएसपी के नेतृत्व में चल रहा अभियान

बालिका की तलाश के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी के नेतृत्व में अभियान चल रहा है। वे स्वयं भी पुलिस टीम के साथ महाराष्ट्र में है। पुलिस द्वारा बालिका को सकुशल बरामद करने के लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। 

सुरक्षित बरामद करने के दिए निर्देश: एसपी 

इस पूरे मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन का कहना है कि पुलिस बालिका की हर दिशा में तलाश में जुटी है। सभी पुलिस टीमों को बच्ची को सुरक्षित बरामद करने के निर्देश दिए गए हैं।