बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश) (MLA Vision Document MP)। मध्यप्रदेश में पिछले विधानसभा चुनाव के नतीजे 30 नवंबर को आए थे। इस तरह प्रदेश सरकार बने भले ही अभी 2 साल ही हुए हैं, लेकिन भाजपा ने वर्ष 2028 के चुनाव की अभी से तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए कोशिश की जा रही है कि प्रदेश की हर विधानसभा में ज्यादा से ज्यादा काम कराए जाएं, ताकि विकास कार्यों की फेहरिस्त लंबी की जा सके। 

इसी तारतम्य में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के सभी विधायकों से अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र में अगले 3 सालों में कराए जाने वाले कार्यों का विजन डॉक्यूमेंट देने को कहा था। इसमें हर साल प्रत्येक विधानसभा में 15 करोड़ रुपये तक की लागत से कराए जाने वाले कार्यों की जानकारी मांगी गई थी। मुख्यमंत्री की इस पहल को प्रदेश के अधिकांश विधायक पूरी गंभीरता से ले रहे हैं ताकि अपने-अपने क्षेत्र को लाभ दिला सके और ज्यादा से ज्यादा कार्य करवा सके। 

बैतूल में इन्होंने कर दिए हैं पेश 

बैतूल की स्थिति देखें तो यहां जिले में 5 विधानसभा क्षेत्र हैं। फिलहाल सभी विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा के ही विधायक हैं। यहां अभी तक बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल और मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख अपना-अपना विजय डॉक्यूमेंट जिला योजना एवं सांख्यिकी विभाग बैतूल को भिजवा चुके हैं। 

आमला विधानसभा का भी तैयार 

आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे ने 'राष्ट्रीय जनादेशÓ से चर्चा में बताया कि उनका भी विजय डॉक्यूमेंट तैयार हो चुका है। अभी विधानसभा चल रही थी, इसलिए वे इसे जिला योजना कार्यालय नहीं भिजवा पाए थे। कल ही इसे भिजवा दिया जाएगा। हालांकि उन्होंने अभी यह खुलासा करने से इंकार कर दिया कि विजन डॉक्यूमेंट में कौन-कौन से काम शामिल किए गए हैं। 

अन्य विधायकों की जानकारी नहीं 

इनके अलावा भैंसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान और घोड़ाडोंगरी विधायक गंगाबाई उइके के विजन डॉक्यूमेंट अभी जिला योजना कार्यालय नहीं पहुंचे हैं। वे विजन डॉक्यमेंट तैयार कर चुके हैं या नहीं, यह जानने के लिए उनसे संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन चर्चा नहीं हो पाई। घोड़ाडोंगरी विधायक श्रीमती उइके से उनके मोबाइल नंबर 6260682059 पर संपर्क किया गया, परंतु उन्होंने रिसीव नहीं किया। इसी तरह भैंसदेही विधायक श्री चौहान के मोबाइल नंबर 9926730908 पर संपर्क करने पर वह स्विच्ड ऑफ पाया गया। 

विधायक खंडेलवाल के विजन डॉक्यूमेंट में विकास और सुविधाएं शामिल

बैतूल विधायक और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल द्वारा जो विजन डॉक्यूमेंट बनाया गया है, उसमें क्षेत्र के विकास और ज्यादा से ज्यादा सुविधाएं मुहैया कराने का दृष्टिकोण साफ नजर आता है। उन्होंने अपने विजन डॉक्यूमेंट में शहर में स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स और 1000 लोगों की क्षमता वाले ऑडिटोरियम निर्माण को शामिल किया है। इनके अलावा खेड़ी, आठनेर और कोलगांव में घाट निर्माण और मोक्षधाम का सौंदर्यीकरण, ग्रेवल मार्ग, सामुदायिक भवन, पार्क में बाउंड्रीवाल जैसे काम भी शामिल हैं। यही नहीं ट्रांसफार्मर शिफ्टिंग, पोल से लाइन विस्तार, सीसी रोड, पुलिया निर्माण जैसे कार्यों को भी उन्होंने प्राथमिकता दी है।  

विधायक देशमुख ने दी तालाब, डैम और सड़क को प्राथमिकता 

मुलताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख ने अपने विजन डॉक्यूमेंट में तालाब, डैम और सड़क जैसे कार्यों को प्राथमिकता दी है ताकि ग्रामीणों और किसानों को सुविधा मिल सके। उन्होंने 15 करोड़ की लागत से हो सकने वाले कुल 19 कार्यों की सूची इस विजन डॉक्यूमेंट में दी है। इन कार्यों में लघु तालाब निर्माण, स्टॉप डैम निर्माण, नाला गहरीकरण सह चेक डैम निर्माण, ग्रेवल सड़क निर्माण, पुलिया निर्माण, निस्तारी तालाब का गहरीकरण जैसे कार्य शामिल हैं। 

विजन डॉक्यूमेंट पेश करने के बाद क्या-क्या होगा

विधायकों द्वारा विजन डॉक्यूमेंट पेश करने के लिए जिला योजना कार्यालय द्वारा इन कार्यों को संबंधित विभागों को भिजवा कर उनका अभिमत मांगा जा रहा है। इनमें प्रमुख रूप से यह जानकारी ली जा रही है कि दी गई लागत में यह काम हो सकते हैं या नहीं और इन कार्यों को कराने के लिए जमीन उपलब्ध है या नहीं। यदि विभागों से ओके रिपोर्ट आती है तो फिर जिला योजना कार्यालय द्वारा विजन डॉक्यूमेंट पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।