Betul Dhan Kharidi: बैतूल में धान खरीदी के लिए पंजीकृत किसानों का होगा सत्यापन, कलेक्टर ने बनाया दल
बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश) (Betul Dhan Kharidi)। जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी शुरू की जा चुकी है। इधर शासन द्वारा पंजीकृत किसानों की जमीन और फसल का सत्यापन राजस्व विभाग के अमले से कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। इस पर इन किसानों के सत्यापन के लिए एसडीएम की अगुवाई में दल गठित कर दिया गया है। इस दौरान उन किसानों की खासतौर से जांच-पड़ताल की जाएगी, जिनके सभी आवश्यक दस्तावेज अपलोड नहीं किए गए हैं।
जिले में धान खरीदी के लिए 20 केंद्र बनाए गए हैं। धान बिक्री के लिए 9100 किसानों ने पंजीयन कराया है। धान खरीदी तो शुरू हो चुकी है, लेकिन शासन के निर्देशों के अनुसार किसानों की जमीन और फसल का सत्यापन भी किया जाना है। कई मामले ऐसे भी सामने आए हैं जिनमें वन भूमि का पट्टा या सिकमी बटाईदार का अनुबंध अपलोड नहीं है। पंजीयन के लिए यह अनिवार्य है। ऐसे में इन किसानों की जांच जरुरी हो गई है ताकि खरीदी में किसी भी तरह की गड़बड़ी न हो।
जिले में करीब 1500 सिकमी किसान
बताया जाता है कि जिले में करीब 1500 किसान ऐसे हैं जो कि सिकमी बटाईदार की श्रेणी में आते हैं। इनमें से कई ने अनुबंध अपलोड नहीं किया है। इसी तरह वन भूमि के पट्टाधारियों में से भी कई ने पट्टे अपलोड नहीं किए हैं। यही कारण है कि इन्हें फिलहाल संदिग्ध माना जा रहा है।
कलेक्टर ने बनाया जांच दल
यही कारण है कि इन्हें संदिग्ध मानते हुए अब ऐसे किसानों का विशेष तौर से सत्यापन किया जाएगा। वहीं अन्य किसानों का भी सत्यापन होगा। इसके लिए कलेक्टर द्वारा एक जांच दल बनाया गया है। जांच दल द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन के आधार पर पाई गई स्थिति का अनुमोदन कलेक्टर से प्राप्त कर ई-उपार्जन पोर्टल पर प्रविष्टि की जा सकेगी। जिसके आधार पर किसानों द्वारा स्लॉट बुकिंग की जा सकेगी।
जांच दल में यह अफसर शामिल
किसानों के सत्यापन के लिए बनाए गए जांच दल में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अध्यक्ष होंगे। वहीं तहसीलदार, अनुविभागीय अधिकारी (कृषि), सहकारिता विस्तार अधिकारी, सहायक कनिष्ठ या आपूर्ति अधिकारी सदस्य के रूप में शामिल किए गए हैं।
अभी तक 2174 मेट्रिक टन की खरीदी
जिले में अभी तक 296 किसान समर्थन मूल्य पर धान की बिक्री कर चुके हैं। इन किसानों से 2174 मेट्रिक टन धान की खरीदी की गई है। अभी तक 2798 किसानों द्वारा स्लॉट बुक कराया है। इसी तरह ज्वार खरीदी के लिए भी जिले में 1 केंद्र बनाया गया है। हालांकि अभी तक ज्वार की खरीदी नहीं हो सकी है।

बेटियों और बहनों के विकास से ही होगा समग्र विकास संभव : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
पश्चिम बंगाल में गरजे सीएम योगी, बोले- टीएमसी के गुंडों का ‘यूपी मॉडल’ से होगा इलाज