betul cyber fraud case: लिंक पर क्लिक करते ही खाते से उड़े 3.75 लाख रुपये, एसपी से लगाई गुहार
बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश) (betul cyber fraud case)। जिले में सााइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है। इस मामले में मोबाइल पर आई एक लिंक पर क्लिक करते ही बैंक खाते से 3.75 लाख रुपये गायब हो गए। पीड़ित ने मामले की शिकायत एसपी बैतूल से की है।
इस बार साइबर ठगी का शिकार बोरदेही थाना क्षेत्र के इटावा गांव के निवासी 62 वर्षीय निरंजन साहू हो गए। उन्होंने शिकायत में बताया है कि उनका बैंक ऑफ महाराष्ट्र बोरदेही शाखा में खाता है। वे अपने मोबाइल नंबर से फोन-पे ऐप का इस्तेमाल करते हैं। 23 नवंबर 2025 की शाम को उनके वॉट्सऐप पर आरटीओ विभाग के नाम से एक संदिग्ध मैसेज आया, जिसमें एक लिंक शामिल था।
रविवार होने से नहीं मिली सहायता
उन्होंने उस लिंक पर जैसे ही क्लिक किया, वैसे ही उनके बैंक खाते से पैसे कटना शुरू हो गए। कुछ ही मिनटों में यूपीआई लेनदेन के माध्यम से कुल 3 लाख 75 हजार रुपए निकाल लिए गए। यह घटना रविवार को हुई, जिसके कारण पीड़ित तुरंत बैंकिंग सहायता प्राप्त नहीं कर सके।
आरोपियों पर कार्रवाई की मांग
खाते से बड़ी रकम निकलने की जानकारी मिलने पर उन्होंने तत्काल बैंक स्टेटमेंट निकलवाया और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस साइबर ठगी की घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इतनी बड़ी राशि यूपीआई के माध्यम से किस प्रकार और किस खाते में ट्रांसफर की गई। इधर पीड़ित ने ठगों की पहचान कर उनकी राशि वापस दिलाने की मांग की है। उन्होंने आवेदन के साथ बैंक स्टेटमेंट और अन्य संबंधित दस्तावेज भी पुलिस को सौंपे हैं।

भारतीय रेलवे अपडेट: नागपुर मंडल में काम, भोपाल रूट की 3 जोड़ी ट्रेनें प्रभावित
AAP का बड़ा फैसला: उमरेठ विधानसभा उपचुनाव नहीं लड़ेगी पार्टी
मोदी कैबिनेट ने 1.74 लाख करोड़ रुपये के प्रस्तावों को मंजूरी दी
भोपाल क्राइम ब्रांच की बड़ी कार्रवाई: 10 पेटी अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार