बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश) (Betul nazul patta renewal)। बैतूल शहर के जिन नजूल पट्टों की वर्ष 2025 में समय सीमा समाप्त हो गई है, उनका इन दिनों नवीनीकरण का कार्य चल रहा है। अभी तक 1093 नजूल पट्टों का नवीनीकरण किया जा चुका है। इनसे 2 करोड़, 3 लाख रुपये का राजस्व शासन को प्राप्त हुआ है। इसके अलावा 677 पट्टों का रिनीवल होना अभी बाकी है। जिनकी नवीनीकरण की प्रक्रिया चालू है। 

बैतूल शहर का अधिकांश हिस्सा नजूल की जमीन पर स्थित है। लिहाजा, यहां पर नजूल विभाग से जमीन के पट्टे दिए गए थे। अलग-अलग वर्षों में शहर में हजारों की संख्या में पट्टे वितरित किए गए थे। इनमें से जो पट्टे 1995 में वितरित किए गए थे, उनकी समयावधि वर्ष 2025 में 31 मार्च को समाप्त हो गई थी। इसलिए कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी द्वारा इन पट्टों का नवीनीकरण किए जाने के निर्देश दिए गए थे। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी के निर्देश पर ही इन नजूल पट्टों के रिनीवल का अभियान अप्रैल माह से शुरू किया गया था। 

इतने प्रकरण किए गए पंजीबद्ध 

नजूल अधिकारी और डिप्टी कलेक्टर मकसूद अहमद ने बताया कि अभियान का शुभारंभ होने पर नजूल अधिकारी न्यायालय में 1770 प्रकरण  पंजीबद्ध किए गए। इसके लिए सबसे पहले पट्टाधारकों को सूचना पत्र दिए गए। इसके अलावा जिन्होंने आवेदन नहीं दिए, उनका नजूल इंस्पेक्टर से डाटा लेकर सूचना पत्र दिए गए और प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। प्रकरण की सुनवाई करते हुए आगामी वर्षों के लिए उनके पट्टे की अवधि निर्धारित की गई। 

इस प्रक्रिया का किया गया पालन 

लीज रिनीवल करने के पहले नजूल विभाग के अमले द्वारा स्थल निरीक्षण भी किया गया। इसमें कुछ पट्टे ऐसे भी पाए गए जिन्हें आवासीय प्रयोजन के लिए दिया गया था, लेकिन व्यवसायिक उपयोग भी हो रहा था। इस पर ऐसे पट्टाधारकों पर शर्त उल्लंघन की समन राशि भी अधिरोपित की गई। 

30 साल के लिए किया रिनीवल 

नजूल अधिकारी श्री अहमद ने बताया कि इन सभी प्रक्रियाओं के बाद 30 साल के लिए पट्टों का नवीनीकरण किया जा रहा है। अभी तक कुल 1093 पट्टों का नवीनीकरण किया जा चुका है। इनसे भू-भाटक, शर्त उल्लंघन की समन राशि और प्रशास्ति के रूप में कुल 2 करोड़, 3 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया कि फिलहाल 10 साल का भू-भाटक लिया जा रहा है। इसे पट्टाधारक एकमुश्त भी जमा कर सकता है और वार्षिक आधार पर भी भुगतान कर सकता है। 

शेष पट्टों का नवीनीकरण भी जल्द 

अब 677 नजूल पट्टे ऐसे बचे हैं, जिनका नवीनीकरण होना शेष है। इनके नवीनीकरण के लिए कार्यवाही प्रचलित है। यह अभियान लगातार चल रहा है। नजूल अधिकारी श्री अहमद ने बताया कि शेष रहे पट्टों के नवीनीकरण का कार्य भी जल्द ही कर लिया जाएगा। इधर पट्टों का नवीनीकरण हो जाने से लोग राहत महसूस कर रहे हैं।