Land Patta Survey Betul: भूमिहीनों को जल्द मिलेंगे पट्टे, सर्वे की प्रक्रिया में आई तेजी, सीएमओ ने ली बैठक
बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश) (Land Patta Survey Betul)। राज्य शासन द्वारा नगरीय क्षेत्रों में भूमिहीन लोगों को जमीन के पट्टे दिए जाने हैं। इसके लिए सर्वे का काम 20 नवंबर से 13 दिसंबर तक होना है। इधर जिले में हाल यह थे कि किसी भी नगरीय निकाय में 26 नवंबर तक सर्वे दलों का गठन ही नहीं हुआ था। इस पर जिला शहरी विकास अभिकरण ने पत्र लिख कर नाराजगी जताई तब कहीं दलों का गठन हुआ। वहीं बैतूल नगर पालिका में आज सर्वे को लेकर सीएमओ सतीश मटसेनिया ने बैठक भी ली।
गौरतलब है कि पिछले दिनों मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नगरीय क्षेत्रों के भूमिहीन लोगों को आवासीय भूमि के पट्टे दिए जाने की घोषणा की थी। यह पट्टे उन लोगों को दिए जाने हैं जो कि शासकीय, नगर पालिकाओं, विकास प्राधिकरणों की भूमि पर निवास कर रहे हैं। इसमें उन भूमिहीन लोगों को पट्टे दिए जाएंगे जो कि 31 दिसंबर 2020 की स्थिति में ऐसी भूमि पर कब्जा रखते हो।
इस अवधि में होना है सर्वेक्षण
पट्टा वितरण के लिए शासन ने जो समयावधि तय की है, उसके अनुसार सर्वेक्षण का कार्य 20 नवंबर से शुरू होकर 13 दिसंबर तक चलेगा। इसके बाद पट्टा वितरण कार्य शुरू होगा। पट्टा वितरण 4 जनवरी से 20 फरवरी तक चलना है।
कलेक्टर दे चुके हैं यह निर्देश
इस संबंध में कलेक्टर पूर्व में ही पत्र लिख चुके हैं कि पात्र लोगों के सर्वे के लिए अनुविभाग स्तर पर दल गठित किए जाएं और शासन द्वारा निर्धारित गाइड लाइन का पालन सुनिश्चित करते हुए पात्र लोगों को समय सीमा में पट्टा वितरण की कार्यवाही पूर्ण किया जाएं। शासन ने भी यह कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं।
दलों का ही नहीं हो सका गठन
इधर जिला शहरी विकास अभिकरण (डूडा) के परियोजना अधिकारी ने सभी सीएमओ को लिखे पत्र में इस बात पर नाराजगी जताई कि 26 नवंबर तक किसी भी अनुभाग में सर्वेक्षण हेतु दल ही गठित नहीं किए गए हैं। उन्होंने सख्त निर्देश दिए कि वे अपने निकाय क्षेत्र के एसडीएम से समन्वय स्थापित कर सर्वे हेतु दल 2 दिन में गठित कराएं। इसके बाद दलों का गठन शुरू हुआ।
बैतूल में बने दल में यह शामिल
बैतूल अनुभाग में सर्वे दल एसडीएम द्वारा गठित कर दिया गया है। इस दल में बैतूल नगर तहसीलदार पूनम साहू, सीएमओ बैतूल सतीश मटसेनिया, सहायक यंत्री नीरज धुर्वे, उपयंत्री पंकज धुर्वे, संजय सरेठा, नगेंद्र वागद्रे, राजस्व निरीक्षक ब्रजगोपाल परते, अखिल राय, नपा के सभी सहायक राजस्व निरीक्षक, राजस्व निरीक्षक बैतूल बैतूल, नजूल राजस्व निरीक्षक, बैतूल नगर के सभी पटवारी शामिल किए गए हैं।
वार्डों में जाकर सर्वे करने के निर्देश
इधर बैतूल नगर पालिका सीएमओ सतीश मटसेनिया ने आज नपा हाल में दल में शामिल सभी कर्मचारियों की बैठक ली। बैठक में उन्होंने सभी से वार्डों में जाकर भूमिहीन लोगों का सर्वे करने के निर्देश दिए। इसके बाद पात्र-अपात्र का चिन्हांकन होगा। इधर पट्टा वितरण के लिए सर्वे की कार्यवाही में तेजी आने से भूमिहीन लोगों को उम्मीद बंधी है कि उन्हें जल्द ही जमीन का पट्टा मिल सकेगा।

Mamata Banerjee का बड़ा दावा, 2026 में गिर सकती है मोदी सरकार
Katni में पुलिस का बड़ा कॉम्बिंग ऑपरेशन, वारंटी और बदमाश गिरफ्तार
राघव चड्ढा को लेकर सियासी तूफान, क्या छोड़ेंगे AAP?
जालंधर में कल 6 घंटे बिजली कटौती, कई इलाकों में सप्लाई रहेगी बंद
बंगाल में बीजेपी की संभावना: क्या दोहराएगी 2021 की सफलता?
महतारी वंदन योजना: e-KYC जरूरी, बिना इसके नहीं मिलेगी राशि