बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश) (Machna Anicut Height Increase Betul)। शहरवासियों को पर्याप्त पानी मुहैया कराने के लिए नगर पालिका अपनी पानी के स्टोरेज क्षमता को बढ़ाने के लगातार प्रयास कर रही है। इसी कड़ी में अब नगर पालिका द्वारा प्रयोग के तौर पर विवेकानंद वार्ड स्थित माचना एनीकेट की ऊंचाई बढ़ाने की तैयारी में है। इससे एनीकेट में ज्यादा पानी का स्टोरेज हो सकेगा। 

शहरवासियों को जल आपूर्ति करने के लिए दशकों पहले विवेकानंद वार्ड में नगर पालिका द्वारा फिल्टर प्लांट और एनीकेट का निर्माण कराया था। निर्माण के बाद से यह एनीकेट शहर की लाइफ लाइन बना था। समय बीतता गया और शहर की आबादी भी बढ़ती गई। इससे पानी की मांग में भी इजाफा होता गया। जिसके चलते अधिक क्षमता वाले फिल्टर प्लांट और अधिक पानी की जरुरत होती गई। 

नया प्लांट और ताप्ती बैराज बना 

इसके चलते नगर पालिका ने पुराने फिल्टर प्लांट के सामने ही नया और अधिक क्षमता वाला प्लांट बनाया। इसके साथ ही खेड़ी ताप्ती में अधिक क्षमता वाला बैराज भी बनवाया। इससे अब पानी वहीं से लिया जा रहा है। 

इसके बावजूद कम नहीं हुआ महत्व 

इसके बावजूद माचना एनीकेट का महत्व कम नहीं हुआ। ताप्ती से पानी में जब भी कोई परेशानी होती, तब शहरवासियों की प्यास माचना एनीकेट ही बुझाता है। इससे नया बैराज बनने के बावजूद माचना एनीकेट अभी भी शहर की लाइफ लाइन बना हुआ है। 

अब बढ़ाई जा रही इसकी क्षमता 

माचना एनीकेट की जल भंडारण क्षमता करीब 0.73 एमसीएम है। अब इसकी क्षमता में इजाफा किए जाने पर विचार चल रहा है। हालांकि इसका पूरा स्ट्रक्चर तो फिर से नहीं बनाया जा सकता, लेकिन इसकी क्षमता में थोड़ा-बहुत इजाफा किया जा सकता है। पहले एनीकेट का अंदरूनी हिस्सा खोखला होने से ऐसा संभव नहीं था, लेकिन अब उसकी मरम्मत हो चुकी है। इसलिए ऐसा करना संभव है। 

इस तरह से की जाएगी क्षमता वृद्धि 

इसकी क्षमता बढ़ाने के लिए डैम में लगी लोहे की प्लेट में जहां एक-एक फीट की प्लेटें और वेल्ड की जाएगी, वहीं कांक्रीट के पिलरों की ऊंचाई सीमेंट की बोरियों के सहारे कांक्रीट से बढ़ाई जाएगी। इससे इसमें इतना अतिरिक्त पानी स्टोर हो सकेगा, जिससे कि शहर में 10 से 15 दिन तक सप्लाई की जा सकेगी। 

रोज होता है इतना पानी सप्लाई 

शहर में 9 टंकियां स्थित हैं। इनके माध्यम से रोजाना 72 से 75 लाख लीटर पानी की सप्लाई शहर में की जाती है। हालांकि अभी एक दिन के अंतराल से सप्लाई होती है। रोजाना सप्लाई के लिए और पानी की दरकार नगर पालिका को है। इसी के चलते क्षमता में इजाफा करने की मशक्कत चल रही है। 

अभी प्रयोग के तौर पर बढ़ा रहे ऊंचाई

इस संबंध में नगर पालिका की जल शाखा के प्रभारी धीरेंद्र राठौर कहते हैं कि अभी एनीकेट की ऊंचाई प्रयोग के तौर पर बढ़ाई जा रही है। यदि कोई दिक्कत नहीं आती है तो हर साल इसी तरह ज्यादा पानी रोका जाएगा। इससे शहर के लिए अधिक पानी उपलब्ध हो सकेगा।