Betul Industrial Development: बैतूल में जल्द आएगी उद्योगों की बहार, रंग लाएंगे हेमंत के प्रयास, समिट करवाने का है प्लान
बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश) (Betul Industrial Development)। वर्षों से उद्योगों की बांट जोह रहे बैतूल जिले में जल्द ही कई बड़े पैमाने के उद्योग शुरू हो सकते हैं। इसके लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल कई स्तरों पर प्रयास कर रहे हैं। उनकी योजना जिले में इंडस्ट्रीयल समिट (औद्योगिक सम्मेलन) कराने की है। वहीं महाराष्ट्र के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों का भ्रमण कराकर बैतूल जिले में उद्योगों की संभावना से अवगत कराने के लिए भी प्लान बनाया गया है। इसके लिए महाराष्ट्र के कई बड़े उद्योगपतियों से चर्चा भी चल रही है। दूसरी ओर इन सबके लिए जमीन मुहैया कराने जिले में लैंड बैंक भी बढ़ाया जा रहा है।
जिले में रोजगार बढ़ाने की दिशा में हेमंत खंडेलवाल का विजन धीरे-धीरे सामने आ रहा है। उम्मीद है जब चीजें धरातल पर उतरेंगी तो इसके सुखद परिणाम आएंगे। वैसे भी मुख्यमंत्री बनने के बाद मोहन यादव जब पहली बार मलाजपुर आए थे, तो उन्होंने मंच से हेमंत खंडेलवाल की तारीफ करते हुए कहा था कि हेमंत ऐसे जनप्रतिनिधि हैं जो जिले की जनता को राजनीति के माध्यम से तो लाभ दिला ही रहे हैं, साथ ही बड़े पैमाने पर रोजगार भी मुहैया करा रहे हैं। अब हेमंत जिले में औद्योगिक विकास के लिए बड़े पैमाने पर योजना बना कर उसे लागू कराने के लिए दबे पांव रात-दिन लगे हुए हैं।
गौरतलब है कि जिले में भरपूर प्राकृतिक संसाधन होने के बावजूद पर्याप्त उद्योग धंधे शुरू नहीं हो सके। यही कारण है कि यहां के युवा रोजगार हासिल करने के लिए आज भी अन्य बड़े शहरों में जाने को मजबूर हैं। लंबे समय से जिले में बड़े उद्योगों की स्थापना की मांग पुरजोर तरीके से उठ रही है। मध्यप्रदेश में संभागीय मुख्यालयों पर हुए औद्योगिक सम्मेलनों से भी जिलेवासी बड़ी उम्मीद लगाए थे, लेकिन इनका भी जिले को कोई फायदा नहीं मिल सका। इससे लोगों को मायूसी ही हुई।
हेमंत बदलेंगे जिले की तस्वीर
अब विधायक हेमंत खंडेलवाल इस तस्वीर को बदलना चाहते हैं। बताया जाता है कि वे बैतूल में जिला स्तरीय औद्योगिक सम्मेलन करवाना चाहते हैं। इसमें महाराष्ट्र सहित अन्य कई बड़े उद्योगपतियों से चर्चा चल रही है। इस सम्मेलन में उद्योगपतियों को आमंत्रित करने यहां उपलब्ध संसाधनों और अन्य सुविधाओं की जानकारी दी जाएगी। इसके लिए बैतूल जिले में उद्योग स्थापित करने के लिए अनुकूल परिस्थतियों की जानकारी दी जाकर सम्मेलन में शामिल होने का आमंत्रण दिया जाएगा।
मूलभूत सुविधाएं बढ़ाने पर फोकस
उद्योग शुरू करने बुनियादी सुविधाएं बढ़ाना भी जरुरी है। इसके लिए सबसे पहले जमीन की जरुरत होती है। इस बात के मद्देनजर जिले में लैंड बैंक का विस्तार करने पर पूरा ध्यान दिया जा रहा है। पहले से मौजूद औद्योगिक क्षेत्रों की जहां क्षमता बढ़ाई जा रही है वहीं दूसरी ओर नए-नए औद्योगिक क्षेत्र भी बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मुलताई बन सकता है उद्योगों का हब
जिले में सबसे ज्यादा संभावना मुलताई क्षेत्र में नजर आ रही है। यहां 100-200 एकड़ क्षेत्र में एक बड़ा औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। रेलमार्ग और नेशनल हाईवे इस क्षेत्र से गुजरने से यहां इसकी सबसे ज्यादा संभावना नजर आ रही है। इसके अलावा अन्य स्थानों पर भी औद्योगिक क्षेत्र बनाए जा रहे हैं या क्षमता बढ़ाई जा रही है।
सभी स्तरों पर जारी है प्रयास: मंडलेकर
इस संबंध में जिला उद्योग केंद्र बैतूल के सहायक संचालक धीरज मंडलेकर बताते हैं कि जिले में नए उद्योग शुरू करने के लिए सभी स्तरों पर प्रयास जारी है। इनके लिए जमीन उपलब्ध कराने के लिए पुराने औद्योगिक क्षेत्रों का विस्तार किया जा रहा है वहीं नए औद्योगिक क्षेत्र बनाने भी प्रयास किए जा रहे हैं। मुलताई में एक बड़ा औद्योगिक क्षेत्र बनाने की भी योजना है।
जिले में औद्योगिक क्षेत्रों की यह स्थिति
- मोही औद्योगिक क्षेत्र: मुलताई के इस औद्योगिक क्षेत्र में पहले चरण में काटे गए प्लॉटों में जहां 10 को आशय पत्र कल ही जारी किए गए हैं वहीं 15 प्लॉट आवंटित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके अलावा यहां दूसरे चरण में 6 हेक्टेयर क्षेत्र में नया औद्योगिक क्षेत्र बनाने की तैयारी है। इसमें 27 प्लॉट निकल सकेंगे।
- कोलगांव औद्योगिक क्षेत्र: बैतूल क्षेत्र में कोलगांव में नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की तैयारी है। यह 13 हेक्टेयर में बनाया जाएगा। यहां कई उद्योग शुरू हो सकेंगे।
- चोरडोंगरी औद्योगिक क्षेत्र: सारणी क्षेत्र में स्थित यह औद्योगिक क्षेत्र 18 हेक्टेयर में है। यहां 120 यूनिटें शुरू हो सकेंगी। इसको विकसित करने का काम लगभग पूरा हो चुका है। यहां केवल बिजली सब स्टेशन का काम भर बाकी है।
- मोरडोंगरी औद्योगिक क्षेत्र: आमला के पास स्थित इस औद्योगिक क्षेत्र को 17 हेक्टेयर में विकसित किया जा रहा है। यहां भी कई उद्योग शुरू हो सकेंगे।
- कोसमी औद्योगिक क्षेत्र: जिला मुख्यालय पर कोसमी में स्थित औद्योगिक क्षेत्र का भी विस्तार करने के प्रयास जारी है। इसी कड़ी में अभी तक महिला आईटीआई के पास मौजूद औद्योगिक क्षेत्र की जमीन भी वापस ली जा रही है। इस जमीन पर भी 27 से 28 प्लॉट आवंटित किए जा सकेंगे।
- उड़दन औद्योगिक क्षेत्र: जिला मुख्यालय के समीप एक नया औद्योगिक क्षेत्र ग्राम उड़दन में भी बनाने की तैयारी है। यहां 8 हेक्टेयर यानी करीब 20 एकड़ जमीन पर यह औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जाएगा।
- Read Also: शिलांग कोर्ट में सोनम को देखते ही चीखा विपिन रघुवंशी, यही है मेरे भाई राजा की कातिल

Amla Girls Education Campus: आमला को मिली बड़ी सौगात: 40 करोड़ से बनेगा कन्या शिक्षा परिसर, छात्राओं को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं
Betul Municipal Revenue Collection: रिकॉर्ड वसूली के बावजूद सुविधाएं नदारद: नपा ने एक साल में वसूले 9.40 करोड़, शहरवासी परेशान
2 अप्रैल 2026 राशिफल: किस पर बरसेगी किस्मत, किसे भुगतनी पड़ सकती हैं चुनौतियां
पीएम आवास योजना से बना ग्वालिन के सपनों का आशियाना
मध्यप्रदेश पुलिस की वाहन चोरों पर प्रभावी कार्यवाही
शासकीय स्कूलों के प्रति अभिभावकों और बच्चों का बढ़ा आकर्षण: मुख्यमंत्री डॉ. यादव