बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश) (Farm Loan Recovery Betul)। जिले भर में किसानों पर 654 करोड़ रुपये की राशि बाकी है। इस राशि की वसूली के लिए जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित द्वारा वसूली अभियान शुरू कर दिया गया है। शाखा प्रबंधकों को वसूली के लिए जीप मुहैया कराई गई है वहीं ग्रामों में रात्रि विश्राम करने के निर्देश भी दिए गए हैं। 

प्रदेश सरकार द्वारा किसानों को खेती-किसानी संबंधित विभिन्न जरुरतों को पूरा करने के लिए शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण उपलब्ध कराया जाता है। यह ऋण सहकारी समितियों के माध्यम से मुहैया कराया जाता है। जिले में 91 सहकारी समितियां हैं। 

76000 किसान हुए लाभान्वित 

जिले में खरीफ सीजन तक 76000 किसानों को 654 करोड़ रुपये का ऋण उपलब्ध कराया जा चुका है। इनमें से 45000 किसान ओवरड्यू वाले हैं। इस ऋण राशि की वसूली के लिए जिला सहकारी बैंक ने अभियान शुरू कर दिया है। 

शिविर लगाकर दे रहे समझाइश 

अभी बैंक द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में शिविर लगाकर किसानों को समझाइश दी जा रही है ताकि वे स्वयं ही राशि जमा कर दें। इसके बाद भी राशि जमा नहीं करने वाले किसानों के साथ सख्ती से भी पेश आया जाएगा। 

शाखा प्रबंधकों को मिली जीप 

बैंक द्वारा वसूली अभियान में तेजी लाने के लिए शाखा प्रबंधकों को जीप मुहैया कराई गई है। इसके अलावा उन्हें गांवों में रात्रि विश्राम करने के निर्देश भी दिए गए हैं।