बैतूल (राष्ट्रीय जनादेश) (Betul Medical College Land Lease)। जिले में मेडिकल कॉलेज शुरू करवाना भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधायक हेमंत खंडेलवाल का ड्रीम प्रोजेक्ट है। इस ड्रीम प्रोजेक्ट के मूर्त रूप लेने की दिशा में एक बड़ी पहल जिले में हो गई है। मेडिकल कॉलेज शुरू करने के लिए जिला मुख्यालय के समीप कोसमी ग्राम में जमीन लीज पर दे दी गई है। इस जमीन की रजिस्ट्री भी की जा चुकी है। अब उम्मीद है मेडिकल कॉलेज बनने का काम जल्द शुरू हो जाएगा क्योंकि इसके लिए एग्रीमेंट पूर्व में ही हो चुका है। 

बैतूल जिले में पीपीपी मोड पर मेडिकल कॉलेज शुरू किया जाना है। मेडिकल कॉलेज का संचालन स्वामी विवेकानंद शिक्षा धाम फाउंडेशन भोपाल द्वारा किया जाएगा। फाउंडेशन द्वारा मेडिकल कॉलेज शुरू करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। मेडिकल कॉलेज शुरू करने के लिए जमीन की सबसे पहले आवश्यकता थी। जिला प्रशासन द्वारा कोसमी में मेडिकल कॉलेज के लिए जमीन उपलब्ध होने की जानकारी दी गई थी। 

संस्था को दी गई इतनी जमीन 

फाउंडेशन द्वारा यह जमीन उपयुक्त पाई गई। इसके बाद इसे लीज पर लेने की कार्रवाई प्रारंभ की गई। अब यह जमीन फाउंडेशन को 99 साल के लिए लीज पर दे दी गई है। एक रूपये वार्षिक किराए के आधार पर यह जमीन फाउंडेशन को मुहैया कराई गई है। कोसमी के खसरा नंबर 48/2 पर कुल 2.71 हेक्टेयर जमीन फाउंडेशन को दी गई है। इसकी रजिस्ट्री भी की जा चुकी है। गाइड लाइन के अनुसार इस जमीन की कीमत 17 करोड़ 64 लाख रुपये है।

लंबे समय से प्रयासरत थे विधायक खंडेलवाल 

उल्लेखनीय है कि स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने, जटिल से जटिल बीमारियों के इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने और मेडिकल की पढ़ाई की सुविधा मुहैया कराने के लिए मेडिकल कॉलेज शुरू करने के लिए संवेदनशील विधायक हेमंत खंडेलवाल लंबे समय से प्रयास कर रहे थे। उन्हीं के प्रयासों से यहां मेडिकल कॉलेज की स्वीकृति मिली है और अब जल्द ही यह मूर्त रूप भी ले लेगा। 

कई सुविधाएं होंगी उपलब्ध 

मेडिकल कॉलेज से जिले की स्वास्थ्य सेवाएं सुदृढ़ होंगी। इस परियोजना के अंतर्गत जिला अस्पताल बैतूल का उन्नयन कर उसकी क्षमता 300 बेड से बढ़ाकर 675 बेड की जाएगी। साथ ही छात्रों के लिए हॉस्टल एवं स्टाफ के लिए आवासीय परिसर का निर्माण भी किया जाएगा। कैथलैब, सीटी स्कैन, एमआरआई जैसी आधुनिक विशेषज्ञ सेवाएँ उपलब्ध होंगी। जिला अस्पताल में डॉक्टर एवं पैरामेडिकल स्टाफ की उपलब्धता बढ़ेगी जिससे बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा सकेंगी।

आम लोगों को होगी सहूलियत 

विधायक श्री खंडेलवाल की इस पहल से आम लोगों को खासी राहत मिलेगी। अभी छोटी-छोटी बीमारियों में भी इलाज के लिए लोगों को नागपुर और भोपाल के चक्कर काटने पड़ते हैं। मेडिकल कॉलेज शुरू होने के बाद बड़ी से बड़ी बीमारी का भी इलाज बैतूल में ही हो सकेगा। इससे लोगों के समय के साथ-साथ धन की बचत भी होगी। यही कारण है कि लोग भी लंबे समय से इसकी मांग कर रहे थे। इसी के मद्देनजर विधायक श्री खंडेलवाल भी मेडिकल कॉलेज शुरू करवाने के लिए खासतौर से प्रयासरत थे।