अगली फिल्म में 84 के सिख दंगों की सच्चाई दिखाएंगे विवेक अग्निहोत्री
डायरेक्टर विवेक अग्निहोत्री द कश्मीर फाइल्स के बाद अब दिल्ली में 1984 में हुए सिख दंगों पर दिल्ली फाइल्स बनाने जा रहे हैं। विवेक अग्निहोत्री ने ANI से कहा कि ये फिल्म 1984 के डार्क चैप्टर के बारे में होगी। इसमें तामिलनाडु से जुड़े सच भी पता चलेंगे।
पंजाब में आतंकवाद की खेती कांग्रेस ने की: विवेक
विवेक ने बताया, दिल्ली फाइल्स 1984 में हुए सिख दंगों पर बेस्ड होगी। इसमें तामिलनाडु से जुड़े सच के बारे में भी दिखाया जाएगा। भारत के इतिहास में 1984 काले अध्याय की तरह है। पंजाब में बहुत ही अमानवीय तरीके से आतंकवाद की स्थिति को हैंडल किया गया था। यह सिर्फ वोट बैंक की पॉलिटिक्स के लिए हुआ था और पंजाब में कांग्रेस पार्टी ने आतंकवाद की खेती की। उन्होंने पहले इसे बनाया और फिर बर्बाद भी कर दिया।
इसमें कई मासूम लोगों की जान भी ली गई, लेकिन इसे छिपा दिया। उन्हें आज तक न्याय भी नहीं मिला इससे बुरा और क्या हो सकता है। इसीलिए इतिहास के फैक्ट्स के बारे में लोगों को बताया जाए, तो वह लोग अपने लिए स्टैंड भी लेंगे और जस्टिस की भी मांग करेंगे।
विवेक ने कहा कि दिल्ली सालों से कर रही है भारत को बर्बाद
विवेक ने कहा, दिल्ली की फाइलें आपको तमिलनाडु के बारे में भी बहुत कुछ सच बताएंगी। यह दिल्ली के बारे में नहीं है, यह दिखाता है कि दिल्ली कितने सालों से भारत को बर्बाद कर रही है। दिल्ली में देश पर किसने राज किया, कैसे मुगल राजाओं और अंग्रेजों से लेकर आधुनिक समय तक सब कुछ तबाह कर दिया। हिस्ट्री को एविडेंस और फैक्ट पर आधारित होना चाहिए। यह कथा-आधारित नहीं होनी चाहिए।
विवेक ने भारत की समस्या पर की बात
विवेक ने आगे कहा, भारत में समस्या यह है कि बहुत से लोग हिस्ट्री को भारत के पॉलिटिकल एजेंडे के आधार पर लिखते हैं। भारत में ज्यादातर वेस्टर्न सेकुलर एजेंडा रहा है और इसलिए हिंदू सभ्यता को हमेशा नजरअंदाज किया गया है, यह माना गया है कि हम कमजोर हैं और हमने जो कुछ भी सीखा है वो पश्चिमी रूलर्स से है, इसलिए यह गलत है।