MP में फिल्मी स्टाइल में पत्नी की ‘किडनैपिंग’
उज्जैन। मध्यप्रदेश में फिल्मी स्टाइल में पत्नी को उसके मायके से अपहरण कर ले जाने का मामला सामने आया है। घटना उज्जैन के जीवाजीगंज क्षेत्र की है। दामाद अपने साथियों के साथ हथियारों से लैस होकर ससुराल पहुंचा। यहां उसने पहले सास को चाकू मारा, फिर वहां मौजूद लोगों पर लाठियों से हमला कर दिया। इसके बाद चाकू लहराता हुआ अपनी पत्नी को ले गया। पुलिस ने आरोपी युवक समेत उसके साथियों पर अपहरण और मारपीट का मामला दर्ज करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।
देवास के रहने वाले आकाश सांगते ने उज्जैन की रहने वाली रितिका से 11 फरवरी को आर्य समाज मंदिर में लव मैरिज की थी। रितिका के परिवार वाले शादी के लिए राजी नहीं थे। उन्होंने नागझिरी थाने में लड़की के अपहरण की शिकायत दर्ज करवा दी। शादी के तीन दिन बाद सुरक्षा के लिए दोनों इंदौर हाईकोर्ट में पिटीशन दायर करने गए थे। इस बीच, लड़की के परिवार वाले नागझिरी पुलिस के साथ कोर्ट पहुंच गए। यहां नागझिरी पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। इसके बाद उन्हें उज्जैन लाया गया। पुलिस ने रितिका को उसके माता-पिता के साथ भेज दिया।
एसपी-कलेक्टर से भी लगाई गुहार
आकाश को अपहरण के आरोप में थाने में बंद कर दिया गया। दो-तीन दिन बाद वह जमानत पर बाहर आ गया। इसके बाद से वह लगातार अफसरों के पास जाकर पत्नी को साथ ले जाने के लिए गुहार लगाता रहा। रितिका के घरवाले उसे आकाश के साथ भेजने के लिए तैयार नहीं थे। आकाश ने फिर एसपी और उज्जैन कलेक्टर कार्यालय में पत्नी को वापस दिलाने गुहार लगाई।
पत्नी नहीं मिली तो हथियारों समेत पहुंचा ससुराल
कई कोशिशों के बाद भी जब प्रशासन से आकाश को मदद नहीं मिली। तो वह गुरुवार को साथियों के साथ हथियार लेकर ससुराल पहुंच गया। यहां से वो पत्नी को साथ ले जाने लगा तो सास सामने आ गई। यह देख उसने सास को चाकू मार दिया। इसके बाद चाकू लहराते हुए पत्नी को ले गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कुछ लोगों ने इसका वीडियो बनाकर पुलिस तक पहुंचा दिया। इधर, युवती के परिजनों ने भी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी।
दोनों नागदा से पकड़ाए
जीवाजी गंज थाना टीआई ने आकाश और रितिका को पकड़ लिया। उसके साथ उसके 12 साथी भी थे। इनमें आकाश लश्करी, अभय चौहान, सागर लश्करी, लखन, मयंक, प्रथम, सोनू, जसवंत, लड्डू ,पीयूष सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।