सितारों की उथल-पुथल:अप्रैल में सभी 9 ग्रहों का राशि परिवर्तन
ज्योतिषीय नजरिए से अप्रैल बहुत खास रहने वाला है। इस महीने सभी 9 ग्रहों की चाल बदल जाएगी। ऐसा संयोग बहुत कम बनता है। अप्रैल में सूर्य, चंद्र, मंगल, बुध, गुरु, शुक्र, शनि और राहु-केतु के राशि परिवर्तन का असर मौसम के साथ ही देश की राजनीति, न्याय, शिक्षा और अर्थव्यवस्था पर भी पड़ेगा। इन ग्रहों के कारण बड़े प्रशासनिक बदलाव भी होंगे। इन सितारों का असर देश-दुनिया सहित सभी राशियों पर पड़ेगा।
ऐसे होगा नौ ग्रहों का राशि परिवर्तन
अप्रैल में सबसे पहले मंगल 7 तारीख को कुंभ में जाएगा। बुध 8 को मेष में और महीने के आखिरी फिर 24 को वृष में प्रवेश करेगा। 11 तारीख को राहु मेष में और केतु तुला राशि में जाएगा। 13 अप्रैल को गुरु मीन राशि में जाएगा। 14 तारीख को सूर्य मेष राशि में प्रवेश करेगा। वहीं, 27 को शुक्र मीन में और 28 तारीख को शनि कुंभ राशि में प्रवेश करेगा। इनके अलावा चंद्रमा हर ढाई दिन में राशि बदलेगा।
चंद्रमा ढाई दिन तो शनि 30 महीने में बदलता है राशि
पुरी के ज्योतिषाचार्य डॉ. गणेश मिश्र बताते हैं कि सूर्य एक महीने तक एक राशि में रहता है। चंद्रमा हर ढाई दिन में राशि बदलता है। वहीं, मंगल 45 दिन, शुक्र 27 दिन और बुध हर 21 दिन में राशि परिवर्तन करता है। इनके अलावा गुरु, शनि और राहु-केतु काफी लंबे समय तक एक राशि में रुकते हैं, ये बड़े ग्रह हैं। इसलिए इनका राशि परिवर्तन ओर ग्रहों से थोड़ा ज्यादा खास हो जाता है। गुरु 13 महीने, शनि ढाई साल और राहु-केतु डेढ़ साल में राशि बदलते हैं।
शनि की ढय्या और साढ़ेसाती
28 अप्रैल को शाम 7.28 बजे शनि मकर से कुंभ राशि में प्रवेश करेगा। इस राशि परिवर्तन से धनु राशि वाले लोगों पर चल रही साढ़ेसाती खत्म हो जाएगी, जबकि मीन राशि वालों पर शुरू हो जाएगी। वहीं, कर्क और वृश्चिक राशि वालों पर शनि की ढय्या शुरू हो जाएगी तो, मिथुन और तुला राशि वालों को इससे मुक्ति मिलेगी। शनि 29 मार्च 2025 तक कुंभ राशि में रहेगा। इस दौरान टेढ़ी चाल चलते हुए कुछ महीने फिर से मकर राशि में भी रहेगा।