PAK में ईसाइयों से नफरत का आलम
लाहौर। पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों की हालत किसी से छिपी नहीं है। दूसरी तरफ, इमरान खान इस्लामोफोबिया का राग अलापते नहीं थकते। हिंदुओं के मंदिरों पर तो हमले आम थे ही, अब ईसाइयों के चर्च भी महफूज नहीं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। यह वीडियो लाहौर की निश्तर तहसील का है। यहां एक शख्स चर्च पहुंचा और फिर इसके ऊपर लगे क्रॉस तक पहुंच गया। यहां क्रॉस पर बैठकर उसने इस्लाम से संबंधित नारेबाजी की। उसके हौसले इस कदर बुलंद थे कि पुलिस भी उसे रोक नहीं पाई। उसके साथियों ने स्थानीय ईसाइयों से हाथापाई भी की।
कौन है आरोपी
घटना का वीडियो पाकिस्तानी जर्नलिस्ट आरजू काजमी ने सोशल मीडिया पर शेयर किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आरोपी का नाम बिलाल सलीम है। कुछ दिन पहले वो चर्च के करीब मौजूद एक फैक्ट्री की छत पर पहुंचा। इसके बाद यहां से चर्च की छत और फिर क्रॉस तक पहुंच गया। इसके बाद लोहे के क्रॉस पर बैठकर नारेबाजी करने लगा। इस दौरान वहां कई ईसाई लोग भी पहुंच गए।
पुलिस भी पहुंची
आरोपी की हरकतों से परेशान लोगों ने पुलिस को फोन किया। पुलिस की टीम चर्च पहुंची, लेकिन बिलाल को क्रॉस से उतारने में नाकाम रही। रिपोर्ट्स के मुताबिक, काफी देर चले इस नाटक के बाद आरोपी को स्थानीय लोगों ने ही क्रॉस से नीचे उतारा।
पुलिस ने बिलाल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। आरोप है कि बिलाल और उसके साथियों ने ईसाई महिलाओं से भी बदतमीजी की। इसी साल जनवरी में पेशावर के सबसे बड़े चर्च के दो प्रीस्ट्स की बाइक सवारों ने हत्या कर दी थी। इस मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।