चीन में 132 पैसेंजर्स ले जा रहा प्लेन क्रैश, कई मौतों की आशंका
चीन के गुआंग्शी में सोमवार दोपहर एक बड़ा विमान हादसा हो गया। 132 लोगों को ले जा रहा चाइना ईस्टर्न पैसेंजर एयरलाइंस का विमान गुआंग्शी की पहाड़ियों में क्रैश हो गया। इनमें 123 यात्री और 9 क्रू मेम्बर्स शामिल थे। जिस पहाड़ी पर यह विमान क्रैश हुआ है, वहां की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं। इनमें दिखाई दे रहा है कि विमान क्रैश होने के बाद वहां के जंगल में आग लग गई।
इस हादसे में कितने यात्री मारे गए हैं, यह जानकारी अभी सामने नहीं आई हैं। हादसे की तस्वीरें देखकर कई यात्रियों के मारे जाने आशंका जाहिर की जा रही है।
लैंडिंग से 43 मिनट पहले टूटा विमान का संपर्क
चीन के सरकारी मीडिया ग्लोबल टाइम्स के मुताबिक, फ्लाइट MU 5735 ने दोपहर सवा एक बजे कुनमिंग चांगशुई एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। ये फ्लाइट 3 बजे गुआंगझोऊ तक पहुंचनी थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्लेन दो मिनट से भी कम समय में 30,000 फीट नीचे गिर गया।
उड़ान भरने के 71 मिनट बाद ये प्लेन हादसे का शिकार हो गया। लैंड करने से 43 मिनट पहले विमान का संपर्क ATC से टूट गया था। यात्रियों को ले जा रहा विमान बोइंग 737 है। बोइंग साढ़े छह साल से एयरलाइंस में ऑपरेट हो रहा था। हादसे के बारे में चाइना ईस्टर्न एयरलाइंस का बयान नहीं आया है। इस मॉडल के विमान पहले भी कई बार हादसे का शिकार हो चुके हैं।
चीनी मीडिया के मुताबिक विमान गुआंग्शी के वुझोउ शहर के पास हादसे का शिकार हुआ। एक ग्रामीण ने बताया कि प्लेन के गिरते ही लगी आग से आसपास का जंगल आग में राख हो गया।
चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने हादसे पर दुख जाहिर किया है। नागरिक उड्डयन प्रशासन ने कहा कि सीएएसी ने इमरजेंसी सिस्टम एक्टिव कर दिया है और एक रेस्क्यू टीम को भेजा है।
चीन में विमान दुर्घटना और एयरलाइन कंपनी के सभी 737-800 प्लेन की उड़ान बंद करने की घोषणा के बाद बोइंग के शेयरों में 8% तक की गिरावट आई है।