फंसे भारतीयों को निकालने के लिए मोदी की दूसरी हाई लेवल बैठक शुरू, यूक्रेन के पड़ोसी देश जाएंगे 4 मंत्री
यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिक व स्टूडेंट्स को निकालने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता उच्चस्तरीय बैठक शुरू हो चुकी है। बैठक में विदेश मंत्री एस जयशंकर, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल, हरदीप सिंह पुरी, किरण रिजिजू , ज्योतिरादित्य सिंधिया और जनरल वीके सिंह मौजूद हैं। यूक्रेन मामले को लेकर मोदी की यह एक दिन में यह दूसरी बैठक है।
इससे पहले दोपहर को मोदी एक उच्चस्तरीय बैठक कर चुके हैं, जिसमें चार केंद्रीय मंत्रियों को यूक्रेन बॉर्डर से लगे पांच देशों में भेजे जाने का फैसला किया गया है। हरदीप सिंह पुरी को हंगरी, किरण रिजिजू को स्लोवाकिया, ज्योतिरादित्य सिंधिया को रोमानिया और मॉलडोवा, जनरल वीके सिंह को पोलैंड भेजा जा रहा है। केंद्र सरकार ने फंसे भारतीय छात्रों को निकालने के लिए एक वैकल्पिक रेल रूट की पहचान की है। यह रेल रूट पश्चिमी यूक्रेन के उजहोरोड से हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट तक जाता है।
वीके सिंह ने कहा- मंगल ग्रह पर भी होंगे तो हम मदद करेंगे
बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री जनरल वीके सिंह ने यूक्रेन में फंसे भारतीय नागरिकों और उनके परिजन को भरोसा दिलाते हुए कहा है कि भले ही आप मंगल ग्रह पर भी फंसे होंगे तो हम आपकी मदद करेंगे। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व वाली भारतीय सरकार की यही सोच है। प्रधानमंत्री को सोच दूरदर्शी है। यही कारण है कि उन्होंने भारत के चार मंत्रियों को यूक्रेन की सीमा से लगे देशों में भेजने का निर्णय किया है।
जयशंकर ने पोलैंड के विदेश मंत्री से बात की
भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर ने ट्वीट कर बताया कि उन्होंने पोलैंड के विदेश मामलों के मंत्री के साथ यूक्रेन के घटनाक्रम पर चर्चा की। उन्होंने आगे कहा कि हम यूक्रेन से भारतीय छात्रों को निकालने के लिए पोलैंड की मदद की सराहना करते हैं।
इस बीच भारत में रूस के दूतावास ने भारतीय मीडिया से कहा है कि वह यूक्रेन और रूस की रिपोर्टिंग में संयम बरते, ताकि सही जानकारी भारतीय लोगों तक पहुंच सके।
फंसे छात्रों के लिए कोरोना नियमों में छूट
सरकार ने यूक्रेन से निकाले जा रहे छात्रों के लिए कोविड नियमों में छूट दे दी है। इसके तहत फ्लाइट में बैठने से पहले RT-PCR निगेटिव होने की शर्त को हटा लिया गया है। कोरोना वैक्सीनेशन सर्टिफिकेट नहीं देना होगा। इसके अलावा एयर सुविधा पोर्टल पर दस्तावेज अपलोड भी नहीं करने होंगे। जो छात्र कोविड प्रोटोकॉल को फॉलो नहीं कर पा रहे हैं, उन्हें 14 दिन सेल्फ क्वारैंटीन रहना होगा।
छठवीं से पहुंचे 240 लोग, नकवी ने किया स्वागत
इस बीच सोमवार शाम यूक्रेन में फंसे भारतीय स्टूडेंट्स को लेकर छठवीं फ्लाइट बुडापेस्ट, हंगरी से नई दिल्ली आ गई। इसमें 240 लोग सकुशल देश पहुंच चुके हैं। इनके सहित अब तक 1436 भारतीयों को यूक्रेन से भारत लाया जा चुका है। छठवीं फ्लाइट से पहुंचे छात्रों का स्वागत करने के लिए केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी पहुंचे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची के अनुसार ताजा एडवाजरी जारी करने के बाद लगभग 8,000 भारतीय नागरिक यूक्रेन छोड़ चुके हैं। उन्होंने बताया कि भारत सरकार यूक्रेन की सहायत के लिए दवाएं और मानवीय सहायता भेजेगी।
249 छात्रों और अन्य भारतीय नागरिकों को लेकर एयर इंडिया की 5वीं फ्लाइट सोमवार सुबह दिल्ली पहुंची थी। रोमानिया के बुखारेस्ट से आई एयर इंडिया की फ्लाइट नंबर AI 1942 ने सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड किया। सोमवार को यूक्रेन से दो फ्लाइट पहुंची है।