रूसी हमले की तैयारी:नई सैटेलाइट इमेज में मिले संकेत
रूस और यूक्रेन दोनों ही राजनीतिक-कूटनीतिक तरीके से युद्ध को टालने की कोशिश कर रहे हैं। रूस ने दावा किया कि वह सैनिकों को वापस बुला रहा है, लेकिन रूस की तरफ से किए गए दावों का सबूत नहीं मिला है। इसके विपरीत सैन्य गतिविधियों की नई सैटेलाइट तस्वीरें सामने आई हैं।
इन तस्वीरों में रूसी सेना को यूक्रेन के पास बने लॉन्चपैड पर देखा गया है। रूसी सेना के निर्माण पर नजर रखने वाली अमेरिका की मैक्सार टेक्नोलॉजीज ने नई तस्वीरें जारी की हैं। इन नई सैटेलाइट तस्वीरों से खुलासा हुआ है कि रूस ने यूक्रेन की सीमा से सटे अपने हवाई ठिकानों पर बड़े पैमाने पर लड़ाकू विमानों को तैनात कर रखा है। देखिए तस्वीरें…
NATO सेनाओं के विरोध में युद्ध की तैयारी कर रहा रूस
रूस ने यूक्रेन के आसपास 1.50 लाख से अधिक सैनिक, मिसाइलें और युद्धपोत तैनात किए हुए हैं। दरअसल रूस चाहता है कि पश्चिमी यूक्रेन और अन्य पूर्व सोवियत देशों को उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (NATO) से बाहर रखा जाए। रूस की मांग यह भी है कि NATO देश रूस की सीमाओं के पास हथियारों की तैनाती को रोकें और पूर्वी यूरोप से सेना को वापस बुलाएं।
राजनयिक वार्ता की विफलता के बाद रूस ने यूक्रेन सीमा पर अपने सैनिकों को तैनात किया था, जिसके बाद अमेरिका और उसके सहयोगी देश यूक्रेन पर संभावित रूसी आक्रमण को लेकर अलर्ट हुए। हालांकि, रूस ने किसी भी आक्रमण की योजना से इनकार किया है।