साध्वी प्रज्ञा को सेक्सटॉर्शन कॉल करने वाले पकड़ाए
भोपाल। भोपाल सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को सेक्सटॉर्शन कॉल करने वाले आरोपी राजस्थान के निकले। दोनों आरोपी सगे भाई हैं। जिन्होंने सांसद को सेक्सटॉर्शन में फंसाकर रुपए ऐंठने की कोशिश की थी। मध्यप्रदेश पुलिस की सूचना पर राजस्थान पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद भोपाल पुलिस आरोपियों को ट्रांजिट रिमांड पर लेकर राजस्थान से रवाना हो चुकी है।
पुलिस उपायुक्त क्राइम अमित सिंह ने बताया कि अभी आरोपियों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। राजस्थान पुलिस की सूचना पर भोपाल पुलिस की टीम वहां गई है। टीम दोनों को लेकर भोपाल आ रही है। भोपाल आने के बाद ही आरोपियों से पूछताछ हो सकेगी।
साध्वी को इस तरह फंसाने की थी कोशिश
अमित सिंह ने बताया कि सांसद साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर ने 6 फरवरी को भोपाल की टीटी नगर पुलिस को सेक्सटॉर्शन कॉल आने की शिकायत की थी। उन्होंने बताया था कि शाम करीब 7 बजे उनके मोबाइल पर वॉट्सअप कॉल आया था। वीडियो कॉल रिसीव करते ही एक लड़की दिखाई देने लगी। कुछ सेकंड बाद ही उसने कपड़े उतारना शुरू कर दिया। फोन काटने के कुछ देर बाद वाट्सअप पर उन्हें मैसेज आया। जिसमें फोटो वायरल करने की धमकी दी गई। आरोपियों ने साध्वी प्रज्ञा को कॉल करके धमकी भी दी थी। टीटी नगर पुलिस ने FIR दर्ज की थी। उसके बाद मामला जांच के लिए साइबर क्राइम भोपाल के पास आ गया था।
जांच में राजस्थान के निकले नंबर
मुख्य रूप से इस तरह के गिरोह झारखंड में सक्रिय हैं, लेकिन यह कॉल राजस्थान से आए थे। जब फोन करने वाले नंबरों को ट्रेस किया गया। यह दोनों नंबर राजस्थान के निकले। लोकेशन भरतपुर जिले के सीकरी की निकली। भोपाल पुलिस की सूचना पर राजस्थान पुलिस ने सोमवार को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। राजस्थान पुलिस की सूचना पर भोपाल पुलिस की टीम भी भरतपुर पहुंच गई। वहां से दोनों आरोपियों को भोपाल लाया जा रहा है।
आरोपियों ने प्रज्ञा के स्टॉफ को धमकाया था। स्टॉफ ने कॉल बैक कर आरोपियों को कहा कि गलत जगह हाथ डाल दिया, तो आरोपी बोले ऐसे कई आए और कई गए। हम वहीं के वहीं हैं। पुलिस की गिरफ्त में आते ही आरोपियों की हेकड़ी निकल गई।