भोपाल में लूट का मास्टरमाइंड ‘ओसामा’
भोपाल। कोलार इलाके में शुक्रवार को कलेक्शन एजेंट के साथ लूट में मास्टर माइंड समेत पांच लुटेरों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने उनके पास से वारदात में उपयोग की गई एक्टिवा समेत लूट का पैसा जब्त किया है। गैंग के सरगना ओसामा अब्बास ने कलेक्शन एजेंट को बैग में पैसा रखते देखा था। इसके तुरंत बाद ही गैंग के चार गुर्गों को भेजकर लूट करा दी। पुलिस दोस्तों को ट्रेस नहीं कर पाए। इसके लिए वारदात के लिए उपयोग की गई एक्टिवा की नंबर प्लेट निकलवा दी थी। हालांकि, सीसीटीवी से ओसामा का साथी पहचान में आया। पुलिस उसे पकड़कर गैंग का पर्दाफाश कर दिया।
दो लुटेरों ने छीना बैग
डीसीपी जोन-4 विजय खत्री ने बताया कि शीतल सिटी मंडीदीप में रहने वाले देवजी मेवाड़ा (34) भारत फाइनेंस कंपनी में कैश कलेक्शन का काम करते हैं। शुक्रवार को वह कलेक्शन कर बाइक से लौट रहे थे। इसी बीच, यूनि होम्स कोलार रोड के पास पीछे से आए एक्टिवा सवार दो लुटेरे उनका बैग छीनकर फरार हो गए। घटना की सूचना लगते ही तुरंत ही पुलिस टीम ने लुटेरों को सर्चिंग शुरू की। इसी बीच, पुलिस को सीसीटीवी में दो संदिग्ध नजर आए।
इस बीच, मुखबिर से पुलिस को जानकारी मिली कि उक्त एक्टिवा गेहूंखेड़ा में रहने वाले सोहेल की है। पुलिस ने सोहेल को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, तो उसने जुर्म कबूल लिया। उसने बताया कि वह साथी सलमान खान, आदिल खान, जोहेब शेख, ओसामा अब्बास के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया है। उसकी निशानदेही पर उसके चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
ओसामा ने रची साजिश
कोलार टीआई चंद्रकांत पटेल ने बताया कि ओसामा गिरोह का मास्टरमाइंड है। उसने ही कलेक्शन एजेंट को बैग में पैसा रखते देखा था। इसके बाद उसने लूट की साजिश रची। उसने ही सोहेल, आदिल खान, सलमान, जोहेब को कलेक्शन वाले को लूटने के लिए कहा था। सोहेल एक्टिवा चला रहा था। जबकि जोहेब पीछे बैठे था। उनको कवर करने के लिए आदिल और सलमान एक दूसरी बाइक से चल रहे थे।