राजनीतिक दलों में सोशल मीडिया पर Poster War
जालंधर। पंजाब में मतदान की तारीख नजदीक आने के साथ ही राजनीतिक दलों में चुनावी जंग तेज होती जा रही है। सभी पार्टियों के बीच सोशल मीडिया पर प्रचार और पोस्टर वार का माहौल गर्मा रहा है। नेता जहां एक-दूसरे की कमियां निकाल कर डिजिटल प्लेटफॉर्म पर छोटे-छोटे क्लिप डाल रहे हैं, साथ ही मीम्स और फोटो के साथ ग्राफिक्स का इस्तेमाल कर पोस्टर डाल रहे हैं।
प्रदेश की राजनीति में पहली बार अपने बूते पर चुनावी दंगल में उतरी भाजपा देश में सोशल मीडिया पर प्रचार के मामले में सबसे आगे मानी जाती है। पंजाब में हालांकि वैसी तेजी नहीं है लेकिन पार्टी ने विरोधियों पर निशाना साधना शुरू कर दिया है। इस डिजिटल युद्ध में भाजपा ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नहीं बल्कि आम आदमी पार्टी को निशाना बना रखा है। डिजिटल प्लेटफार्म्स पर भाजपा के अधिकतर पोस्टर और छोटे-छोटे क्लिप अरविंद केजरीवाल व आम आदमी पार्टी के ही दिखते हैं। पार्टी के इक्का-दुक्का पोस्टरों में ही चन्नी और सिद्धू नजर आते हैं।
आम आदमी पार्टी ने पंजाब की चन्नी सरकार को सीधे निशाने पर ले रखा है। वहीं कांग्रेस की बात करें तो पार्टी दूसरों की बुराई करने के बजाय सोशल मीडिया पर सिर्फ अपनी उपलब्धियां गिना रही है। पार्टी के कुछ ही पोस्टर हैं जहां भाजपा का विरोध दिखता है। अधिकतर पोस्टर 111 दिनों में चन्नी सरकार के किए कार्यों को ही समेटे है।