अनाज व्यापारी पर फायर: व्यापारी ने बाहर निकाला, तभी कट्टा निकाल चला दी गोली
भोपाल। करोंद अनाज मंडी पर पार्सल लाने के बहाने शॉप में घुसे बदमाश ने अनाज व्यापारी पर कट्टे से फायर कर दिया। हालांकि, निशाना चूकने से गोली कांच को तोड़ते हुए दीवार में जा धंसी। व्यापारी का कहना है कि बदमाश हत्या की नियति से उस पर फायर किया। निशातपुरा पुलिस गोली चलाने वाले बदमाश की तलाश में जुटी है। पुलिस घटना स्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। घटना के 24 घंटे से अधिक वक्त बीत जाने के बाद भी अब तक पुलिस को ऐसा कोई क्लू नहीं मिला जिससे कि वह शूटर तक पहुंच सके। घटना के बाद व्यापारियों ने मंडी में सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
जानकारी के मुताबिक, ग्लोबल ग्रीन लालघाटी में रहने वाले अनिल भागवनी(50) अनाज के बड़े कारोबारी हैं। वह करोंद गल्ला मंडी में खरीदी करते हैं। मंडी में उनकी 163 नंबर की शॉप है। सोमवार रात करीब साढ़े 7 बजे हर रोज की तरह हम्माल अपने-अपने घर चले गए। शॉप में अनिल दिनभर की खरीदी-बिक्री का हिसाब-किताब कर रहे थे। इसी बीच रात करीब साढ़े 9 बजे चेहरे पर गमछा बांधे हुए एक युवक उनकी शॉप में आया। अनिल ने उससे पूछा कि क्या बात है..।
इसपर युवक ने बताया कि वह पार्सल लेकर आया है। संदेह होने पर व्यापारी ने उसे अपनी केबिन से बाहर निकालकर अंदर से कुंदी बंद कर फिर से हिसाब-किताब करने लगे। तभी उनकी नजर युवक की तरफ पड़ी। वह बैग से कट्टा निकालत हुआ दिखा। वह कुछ समझ पाते इससे पहले युवक ने कट्टे से उनकी तरफ फायर कर दिया। गोली उनकी केबिन की कांच को फोड़ते हुए दीवार में जा धंसी। इसके बाद आरोपी भाग निकला। गोली की गूंज सुनकर आसपास के लोग उसे पकड़ने के लिए पीछा किया, लेकिन अंधेरा होने की वजह से वह लापता हो गया।
सीने पर लगाया निशाना, बैठकर बचाई जान
व्यापारी अनिल ने पुलिस को बताया कि बदमाश उनइकी सीने पर निशाना लगाकर फायर किया था। उसे कट्टा निकालते देख वह टेबल के नीचे छिप गए। इससे उन्हें गोली नहीं लगी। अनिल ने बताया कि आरोपी उनकी हत्या के इरादे से आया होगा। उन्हें यह भी संदेह है कि किसी ने उनकी हत्या के लिए सुपारी दी होगी।
सीसीटीवी फुटेज की कर रहे जांच
इधर, घटना की जानकारी लगने के बाद निशातपुरा पुलिस मौके पर पहुंची। निशातपुरा टीआई महेन्द्र सिंह चौहान ने बताया बदमाश की तलाश की जा रही है। उसकी पहचान के लिए घटना स्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। चेहरे में गमछा लगाने की वजह से आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लेगी।