गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुले:चारधाम यात्रा शुरू
देहरादून। मां गंगा और यमुना की डोली की पूजा-अर्चना के बाद चारधाम यात्रा की विधिवत शुरुआत हो गई। – Dainik Bhaskar
मां गंगा और यमुना की डोली की पूजा-अर्चना के बाद चारधाम यात्रा की विधिवत शुरुआत हो गई।
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट बुधवार को अक्षय तृतीया के दिन श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसके साथ ही करीब 6 महीने तक चलने वाली चार धामयात्रा की विधिवत शुरुआत हो गई।
दैनिक भास्कर एप पर आप दोनों धाम के लाइव दर्शन कर सकते हैं। गंगोत्री में 1 हजार से ज्यादा और यमुनोत्री में 3 हजार से ज्यादा श्रद्धालु पहले दिन दर्शन के लिए पहुंचे हैं।
सबसे पहले आज सुबह मां गंगा की डोली मुखबा से गंगोत्री धाम पहुंची। राजपूताना राइफल्स के बैंड की धुनों के बीच गंगा की पूजा-अर्चना की गई। हेलिकॉप्टर से मंदिर पर फूल बरसाए गए।
गंगोत्री के बाद यमुनोत्री धाम के कपाट सुबह 11:55 बजे खोले गए। इससे पहले यमुना की उत्सव डोली यमुनोत्री धाम पहुंची। पूजा-अर्चना के बाद यमुनोत्री के कपाट खोले गए।
उत्तराखंड के CM पुष्कर सिंह धामी ने भी गंगोत्री-यमुनोत्री धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना की। गंगोत्री-यमुनोत्री के बाद अब 2 मई को केदारनाथ और 4 मई को बद्रीनाथ धाम के कपाट खोले जाएंगे।