फोटोशूट के बहाने फोटोग्राफर से लूट के आरोपी गिरफ्तार
बैतूल। बैतूल पुलिस ने फोटोग्राफर से लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सुमित उइके और अलकेश मर्सकोले के रूप में हुई है। दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहे थे।
घटना 4 मार्च की है। आरोपियों ने फोटोग्राफर चंद्रभान नागले को फोटोशूट के बहाने सापना डेम बुलाया। चंद्रभान अपने साथी सचिन के साथ दोपहर 2 बजे वहां पहुंचे। वह नीलेश धुर्वे और उसके तीन साथियों की फोटोशूट कर रहे थे।
चेहरे कपड़े से ढके हुए थे
इसी दौरान बिना नंबर की नीली मोटरसाइकिल से दो व्यक्ति आए। उनके चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। दोनों के हाथों में हार्स पाइप था। आरोपियों ने चंद्रभान के साथ मारपीट की और उनका सोनी कंपनी का अल्फा 6400 कैमरा लूट लिया। कैमरे की कीमत लगभग 80 हजार रुपए थी। इसमें शादियों के फोटो भी थे।
पुलिस अधीक्षक निश्चल झारिया के निर्देशन में टीम ने आरोपियों को पकड़ा। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अंजना धुर्वे समेत पूरी टीम की अहम भूमिका रही। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।