प्रियंका गांधी:आगरा में मृतक सफाईकर्मी की पत्नी के आंसू पोंछे
आगरा। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बुधवार रात 11 बजे आगरा में मृतक सफाईकर्मी अरुण वाल्मीकि के घर जाकर उनकी पत्नी और मां से मुलाकात की। अरुण की आगरा पुलिस की कस्टडी में मौत हुई थी। प्रियंका उनके घर में करीब 50 मिनट तक रहीं। अरुण की पत्नी सोनम और मां कमला ने रोते हुए उन्हें पुलिस की बर्बरता की कहानी बताई तो प्रियंका की आंखों में आंसू आ गए। उन्होंने सोनम का हाथ पकड़कर, गले लगाकर ढाढ़स बंधाया।
प्रियंका ने पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद और कानूनी लड़ाई में सहयोग का आश्वासन दिया है। साथ ही, परिवार की दो बेटियों की शादी का खर्च उठाने का भरोसा दिलाया। प्रियंका लखनऊ से आगरा बुधवार रात 10.45 बजे पहुंचीं थीं। वो 10.50 बजे अरुण के घर पहुंचीं।
प्रियंका बोली- इस देश में केवल मंत्रियों को न्याय मिलेगा
अरुण के परिवार से मुलाकात के बाद प्रियंका ने कहा कि परिवार के लोगों ने मुझे जो बातें बताई हैं, उसे सुनकर यकीन नहीं हो रहा कि इस सदी में ऐसी चीजें किसी के साथ हो सकती हैं। वाल्मीकि समाज के 17-18 लोगों को अलग-अलग जगह से उठाकर थाने लाया गया। जहां उनकी बेरहमी से पिटाई की गई। सोनम ने बताया कि उनके सामने उनके पति के हाथ पैर बांधकर पीटा गया और करंट लगाया गया। इसके अलावा सोनम को भी महिला के साथ पुरुष पुलिसवालों ने पीटा। उन्होंने जो बातें बताई, उसे सोच भी नहीं सकतीं।
उन्होंने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि UP में कानून व्यवस्था दम तोड़ रही है। यहां दलित, किसान और गरीबों के लिए कोई खड़ा नहीं है। इशारों में उन्होंने लखीमपुर हिंसा को लेकर सरकार पर निशाना साधा। कहा, यहां पर न्याय केवल मंत्रियों के लिए है, जिनके बेटे अपराध कर रहे हैं। यहां गरीबों पर इतना अत्याचार हो रहा है। सरकार चुप क्यों हैं?
इससे पहले प्रियंका गांधी को आगरा एक्सप्रेस-वे पर टोल प्लाजा पर पुलिस ने रोक लिया था। लखनऊ पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। हालांकि, हिरासत के ढाई घंटे बाद प्रियंका को आगरा जाने की परमिशन मिली थी।
गहलोत सरकार से भी आर्थिक मदद दिलवाऊंगी
प्रियंका ने कहा कि वो पीड़ित के परिवार को मुआवजा दिलवाएंगी। मृतक की पत्नी सोनम भरतपुर की रहने वाली है, इसके लिए वो आर्थिक मदद के लिए राजस्थान के CM अशोक गहलोत से बात करेंगी। इसके अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि एयरपोर्ट के उद्धाटन का क्या फायदा, जब आप घर में सुरक्षित नहीं है।
सेल्फी लेने वालों का करियर क्यों खराब कर रहे?
प्रियंका ने उनके साथ सेल्फी लेने वाली महिला पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की बात पर कहा कि उनका करियर क्यों खराब किया जा रहा है। मैंने खुशी से उनके साथ फोटो कराई थी। वो रोज संघर्ष करती हैं, अपने परिवार के लिए कमाती हैं, उन पर कार्रवाई से क्या मिलेगा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर खडे़ किए सवाल
मृतक अरुण की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट अटैक आया है। SSP मुनिराज ने बताया कि डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया था। वहीं, प्रियंका गांधी ने पोस्टमार्टम पर सवाल खडे़ किए हैं। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम के दौरान परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। उन्होंने कहा कि पुलिस ने पहले से लिखी तहरीर पर मृतक के भाई के साइन करा लिए।
25 लाख की चोरी के शक में पकड़ा गया था सफाईकर्मी
17 अक्टूबर को जगदीशपुरा थाने में मालखाने से 25 लाख चोरी का मामला सामने आया। यह रकम एक रेलवे ठेकेदार के घर हुई चोरी के खुलासे में बरामद हुई थी। इस मामले में CO लोहामंडी सौरभ सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कराया गया था और ADG ने लापरवाही के आरोप में थाना प्रभारी अनूप कुमार तिवारी, दीवान प्रताप भान सिंह और एक दरोगा समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया था।
पुलिस ने 20 से अधिक लोगों से पूछताछ के बाद सफाईकर्मी अरुण पर पुलिस का शक गहराया। पुलिस ने उसके घर दबिश दी तो घर पर 15 लाख रुपए मिले थे। परिजन पैसे के बारे में जानकारी नहीं दे पा रहे थे। पुलिस ने उसके दोनों भाइयों को थाने पर बिठा लिया था। आरोपी सफाईकर्मी की मंगलवार रात पुलिस कस्टडी में मौत हो गई। सफाई कर्मचारी को मंगलवार शाम पुलिस ने हिरासत में लिया था।