4 बड़े ग्रहों का राशि परिवर्तन होगा; हर दिन रहेगा कोई व्रत
अप्रैल के दूसरे सप्ताह में राहु-केतु, गुरु और सूर्य का राशि परिवर्तन होगा। एक के बाद एक इन चार बड़े ग्रहों की चाल बदलेगी। इस कारण ये ज्योतिषीय नजरिये से साल का सबसे खास हफ्ता रहेगा। 11 से 17 अप्रैल के बीच हर दिन कोई तीज-त्योहार या शुभ मुहूर्त भी रहेगा। इसलिए ये सप्ताह धर्म-कर्म के लिए भी महत्वपूर्ण रहेगा।
राहु-केतु का राशि परिवर्तन
11 अप्रैल को राहु-केतु राशि बदलेंगे। राहु अब मेष में और केतु, तुला राशि में आ जाएगा। 2024 तक ये दोनों ग्रह इन्हीं राशियों में रहेंगे। 223 महीनों बाद अब राहु-केतु, फिर से मेष और तुला राशियों में आ जाएंगे। ये दोनों ग्रह तकरीबन डेढ़ साल तक एक राशि में रहते हैं। इस कारण इनका राशि परिवर्तन ज्योतिष में बहुत खास माना जाता है।
बृहस्पति का राशि परिवर्तन
बृहस्पति ग्रह 11 साल, 11 महीने और 11 दिन बाद फिर से मीन राशि में आ रहा है। इससे पहले ये 2 मई 2010 को मीन राशि में आया था। अब 13 अप्रैल को इस राशि में प्रवेश करेगा। बृहस्पति का अपनी ही राशि में आना विशेष शुभ रहेगा।
इससे पहले गुरु 6 अप्रैल 2021 को राशि बदलकर कुंभ में आया था। अब 13 महीने बाद 13 अप्रैल को गुरु मीन राशि प्रवेश करेगा। इन आंकड़ों का अपने आप में एक अनोखा संयोग बन रहा है।
सूर्य का उच्च राशि में प्रवेश
14 अप्रैल को सूर्य अपनी उच्च राशि यानी मेष में आ जाएगा। इस राशि में ये 14 मई तक रहेगा। इस एक महीने तक राहु-केतु से पीड़ित होने के कारण सूर्य का शुभ प्रभाव कम हो जाएगा। सूर्य के मेष राशि में आने पर खरमास खत्म हो जाएगा। जिससे विवाह, गृह प्रवेश, सगाई और अन्य मांगलिक कामों की शुरुआत फिर से हो सकेगी। मीन राशि में सूर्य के रहते हुए पिछले एक महीने में इन शुभ कामों के लिए मुहूर्त नहीं थे।
हर दिन कोई व्रत-त्योहार या शुभ मुहूर्त
इस सप्ताह 11 अप्रैल को रवियोग होने से पूरे दिन खरीदारी का शुभ मुहूर्त रहेगा। मंगलवार को कामदा एकादशी व्रत, बुधवार को मदन द्वादशी, गुरुवार को प्रदोष व्रत, शुक्रवार को फिर रवियोग में खरीदारी की जा सकेगी। शनिवार को हनुमान जयंती के साथ चैत्र महीना खत्म होगा। वहीं, 17 अप्रैल, रविवार को व्हीकल खरीदारी का विशेष मुहूर्त रहेगा। इस दिन से वैशाख महीने की शुरुआत भी होगी।